जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।

कांग्रेस की बागी रमा देवी जयपुर की जिला प्रमुख बन गई हैं।इससे पहले कांग्रेस से बगावत कर भाजपा मुख्यालय पहुंचकर उन्होंने बीजेपी का दामन थामा था। इसके बाद भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को धीरे से जोर का झटका लगा है।

एक वोट से जीती रमा देवी।

कांग्रेस से बागी होकर भाजपा के साथ आई जिला परिषद सदस्य जैकी टाटीवाल के एक वोट ने भाजपा की रमादेवी को जिला प्रमुख बना दिया। रमा देवी कांग्रेस का दामन छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। कांग्रेस के ही जैकी टाटीवाल ने किंग मेकर की भूमिका निभाई। जयपुर जिला परिषद कार्यालय में सोमवार को जिला प्रमुख के लिए हुए चुनाव में 51 में से रमादेवी को 26 वोट मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सरोज देवी शर्मा को 25 वोट ही मिल सके। इस तरह से भाजपा की रमा देवी 1 वोट से जीत गईं।जयपुर जिला परिषद सदस्यों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिला था। कांग्रेस ने 27 सीटों पर जीत हासिल की थी, जबकि भाजपा को 24 सीट पर ही जीत पाई थी।

बता दे, जयपुर जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा ने कांग्रेस के खेमे में सेंध लगाते हुए एक बड़ा उलटफेर किया है। कांग्रेस से बागी हुई रमा देवी जयपुर की जिला प्रमुख बन गई हैं। वोटिंग से पहले ही रमा देवी ने भाजपा मुख्यालय पहुंचकर बीजेपी का दामन थाम लिया था। इस दौरान यह भी कहा कि जो कांग्रेस के जिला पार्षद वहां मन से दुखी हैं अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर भाजपा का समर्थन जरुर करेंगे। वहीं, भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस को धीरे से लगा है जोर का झटका। दरअसल, सोमवार को रमा देवी ने भाजपा की ओर से जिला प्रमुख का पर्चा दाखिल किया और वहां से भाजपा नेताओं के साथ प्रदेश बीजेपी मुख्यालय पहुंची।यहां पार्टी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया, प्रतिपक्ष के उपनेता राजेंद्र राठौड़ और किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हरिराम रिणवा की मौजूदगी में भाजपा ज्वाइन की। इस दौरान जयपुर देहात अध्यक्ष रामानंद गुर्जर और जयपुर शहर महिला मोर्चा अध्यक्ष भी मौजूद रहे।इस दौरान रमा देवी ने कहा कि उन्होंने भाजपा की विचारधारा को देखते हुए पार्टी ज्वाइन की और कांग्रेस से जुड़े अन्य जिला पार्षद भी जो वहां दुखी हैं अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनकर जरूर भाजपा का साथ देंगे।