जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
जयपुर में पूर्ण बहुमत होने के बाद भी कांग्रेस जिला प्रमुख का पद गंवा सकती है। कांग्रेस की रमा चोपड़ा ने भाजपा के सिंबल पर नामांकन भर दिया है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने रमा चोपड़ा को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
दरअसल राजस्थान के 6 जिला प्रमुखों के चुनाव में सत्ताधारी दल कांग्रेस के सामने राजधानी जयपुर में पूर्ण बहुमत होने के बाद भी जिला प्रमुख हाथ से निकलता हुआ दिखाई दे रहा है।
बता दे, 51 सदस्यों में से 27 जिला परिषद सदस्यों के साथ कांग्रेस को अपना पूर्ण बहुमत जयपुर जिले में मिला था, लेकिन जयपुर में कांग्रेस पार्टी की ही रमा चोपड़ा को मैदान में उतारकर भाजपा ने कांग्रेस के खेमे में सेंध लगा दी है।इसके साथ ही जिला परिषद सदस्य जैकी टाटीवाल भी भाजपा के संपर्क में है। ऐसे में भाजपा के सदस्यों की संख्या 26 हो गई है, जबकि कांग्रेस खेमे में सेंध लगने के बाद कांग्रेस की सदस्य संख्या घटकर 25 रह गई है। रमा चोपड़ा चाकसू के वार्ड नं 17 से कांग्रेस के सिंबल पर चुनाव जीती है, जो खुद भी जिला प्रमुख की उम्मीदवार मानी जा रही थी। लेकिन कांग्रेस पार्टी की ओर से जब सरोज शर्मा का नाम फाइनल कर दिया गया, तो रमा चोपड़ा ने बगावत कर दी और बगावत करते हुए भारतीय जनता पार्टी के सिंबल से मैदान में उतर गई है। ऐसे में सीधे तौर पर इसे कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। दोनों ही बाकी सदस्य चाकसू के पायलट कैंप के विधायक वेद प्रकाश सोलंकी के क्षेत्र से आते हैं, लेकिन अब चाकसू विधायक दोनों सदस्यों से संपर्क नहीं होने की बात कह रहे हैं। वहीं, पार्टी ने रमा चोपड़ा को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
महेश जोशी बोले- सतीश पूनिया और राजेन्द्र राठौड़ हैं हॉर्स ट्रेडिंग के महारथी
जयपुर जिला प्रमुख पर फंसे पेंच पर राजस्थान के विधानसभा मुख्य सचेतक महेश जोशी ने कहा कि भाजपा हमेशा से तोड़फोड़ की राजनीति करती आई है।उन्होंने कहा कि भाजपा ने अब बड़े चुनाव के बाद पंचायत स्तर के चुनाव में भी हॉर्स ट्रेडिंग करना शुरू कर दिया है। भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया और राजेंद्र राठौड़ हॉर्स ट्रेडिंग में महारथ रखते हैं, लेकिन इसके साथ ही जोशी ने उम्मीद जताई की अब भी जीत कांग्रेस पार्टी की होगी।
पीसीसी चीफ बोले पार्टी विरोधियों पर होगी कारवाई।
जयपुर जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस में भाजपा द्वारा सेंध लगाने के बाद पूरे प्रकरण में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पूरे प्रकरण में कुछ और लोगों के खिलाफ भी शिकायत प्राप्त हुई है। इस पर जल्दी जांच करके पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जयपुर के जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण चाकसू विधानसभा से वार्ड नंबर 17 से कांग्रेसी के सिंबल पर निर्वाचित हुई जिला परिषद सदस्य श्रीमती रामा देवी को 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।




0 टिप्पणियाँ