उदयपुर से भगवान प्रजापत।

उदयपुर नगर निगम ने फॉगिंग की नई मशीन खरीद कर शहर में फॉगिंग करवाना प्रारंभ कर दिया है। नगर निगम उप महापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि निगम की पुरानी फॉगिंग मशीन खराब होने के कारण पिछले 3 दिनों से शहर में फॉगिंग नहीं हो रही थी जिस पर निगम द्वारा तत्काल नई मशीन खरीद कर शहर में फिर से फॉगिंग करवाना शुरू कर दिया है। सिंघवी ने बताया कि अगले 20 दिनों में शहर के सभी स्थानों पर फॉगिंग का कार्य संपूर्ण कर दिया जाएगा। 

पुरानी मशीन भी करवाएंगे ठीक।

नगर निगम गैराज समिति अध्यक्ष मनोहर चौधरी ने बताया कि निगम की पुरानी फॉगिंग मशीन के पार्ट्स में आई खराबी के कारण बंद हो गई है उसे भी जल्द ही ठीक करवा कर काम में लेना प्रारंभ किया जाएगा। दोनों मशीनो से शहर में सभी स्थानों पर जल्द यह कार्य संपूर्ण हो जायेगा।

सीएमएचओ से लेंगे जानकारी। 

नगर निगम उपमहापौर एवं स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष पारस सिंघवी ने बताया कि शहर में बढ़ रहे डेंगू के मरीजों की जानकारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से प्राप्त कर उन क्षेत्रों में सबसे पहले फॉगिंग करवाने का कार्य प्रारंभ किया गया है। जिससे यह बीमारी शहर में ज्यादा नहीं फैले। इसके अलावा निगम द्वारा अपने स्तर पर भी शहर में फॉगिंग का कार्य संपन्न करवाया जाएगा।

महापौर ने किया विधिवत उद्घाटन।

नगर निगम महापौर गोविंद सिंह टाक ने निगम द्वारा  क्रय की गई फॉगिंग मशीन का विधिवत उद्घाटन कर नगर निगम से हरी झंडी दिखाकर मशीन को शहर में फॉगिंग हेतु रवाना किया। इस दौरान नगर निगम आयुक्त हिम्मत सिंह बारहठ, स्वास्थ्य समिति अध्यक्ष वेणीराम सालवी, अतिक्रमण निरोधक समिति अध्यक्ष छोगालाल भोई, कच्ची बस्ती सुधार समिति अध्यक्ष देवेंद्र साहू, भवन निर्माण अनुमति समिति अध्यक्ष आशीष कोठारी, विद्युत समिति अध्यक्ष हेमंत बोहरा, पार्षद भरत जोशी, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा, स्वास्थ्य निरीक्षक नरेंद्र श्रीमाली, सुभाष चंद्र शर्मा, गैराज अधीक्षक लखन लाल बैरवा आदि उपस्थित रहे।