ब्यूरो रिपोर्ट।

प्रदेश में धरियावद और वल्लभनगर 2 विधानसभा सीटों के लिए उप चुनाव की तारीख घोषित होते ही कॉन्ग्रेस अलर्ट मोड़ पर आ गई है। दीपावली से ठीक पहले हो रहे इस उपचुनाव को लेकर पार्टी जीत के सारे समीकरण तय करने में जुट गई है। इसी दिशा में मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास और धर्मेंद्र राठौड़ के साथ पीसीसी में मंत्रणा हुई। बैठक के दौरान तीनों नेताओं ने दोनों विधानसभा सीटों के लिए ब्लॉक स्तर पर तैयारियां शुरू करने के का निर्णय लिया। बैठक के बाद डोटासरा ने मीडिया से कहा कि उपचुनाव के लिए काफी समय से तिथि घोषित होने का इंतजार किया जा रहा था। इस चुनाव को लेकर पहले से ही पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आ रहा है। पार्टी ने 2 महीने पहले ही इस उपचुनाव के लिए तैयारियां शुरू कर दी थी और अब ब्लॉक स्तर कर अभियान चलाकर चुनाव में जीत सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को लेकर भाजपा की ओर से अनर्गल बयानबाजी की जा रही है जबकि जनता को पता है कि प्रदेश में भाजपा की क्या हालत हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता कांग्रेस पर आरोप लगाने के बजाय खुद के घर को संभाले। वे अभी ये ही तय नहीं कर पा रहे हैं कि अगले चुनाव में मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा।

वहीं प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि जनता ने ढाई साल के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का कार्यकाल देखा है। चुनावी घोषणा पत्र के अनुसार इस ढाई साल में ही सरकार ने गहलोत के नेतृत्व में 64% काम पूरे कर दिए हैं। उन्होंने गहलोत की तारीफ करते हुए कहा कि किसी भी प्रदेश के मुख्यमंत्री ने ऐसा काम नहीं किया। जनता को सब पता है और आगामी उपचुनाव में जनता गहलोत के सुशासन पर ही मुहर लगाएगी।