जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
पंचायती राज चुनाव के तहत सोमवार को जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा प्रेस से रुबरु हुए। उन्होंने जयपुर में जिला प्रमुख पद गंवाने पर अपने नेताओं पर बेईमानी और धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जयपुर जिला प्रमुख का पद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ,गृहमंत्री अमित शाह और आरएसएस की पाठशाला में पढ़ाए गए लोकतंत्र पर डाका डालने के पाठ का नतीजा है।
दरअसल पंचायती राज चुनाव के तहत सोमवार को जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान राज्य के 6 जिलों में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला बराबरी का रहा है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही 3-3 जिलों में जिला प्रमुख बनाने में कामयाब रही। हालांकि, प्रधान के मामले में कांग्रेस ने बाजी मारते हुए 49 पंचायत समितियों में परचम लहराया है। लेकिन जयपुर जिला प्रमुख का पद कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत होते हुए भी गंवा दिया। इस बात की टीस कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के शब्दों में भी दिखाई दी।डोटासरा पूर्ण बहुमत होने के बाद भी जयपुर जिला प्रमुख नहीं बनाए जाने पर भाजपा के ऊपर प्रजातंत्र का चीर हरण करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने अपने नेताओं पर भी बेईमानी, धोखेबाजी और विश्वासघात करने के आरोप लगाए। डोटासरा ने कहा कि जब हमारे ही लोग बेईमान और धोखेबाज निकल जाएं और पीठ पर छुरा भोंक कर चले जाएं तो समझा जा सकता है कि लोकतंत्र में क्या चल रहा है।डोटासरा ने कहा की जिन नेताओं ने पार्टी के साथ दगाबाजी की है उनके बारे में रिपोर्ट संभाग प्रभारी गोविंद मेघवाल और जयपुर जिला प्रमुख के लिए पर्यवेक्षक बनाए गए मुमताज मसीह जल्द सौंप देंगे। जिसे कांग्रेस आलाकमान तक पहुंचाया जाएगा और निश्चित रूप से ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
कांग्रेस पार्टी को भाजपा से 7 फीसदी वोट ज्यादा मिले।
डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी को भाजपा से करीब 7 फीसदी वोट ज्यादा मिले हैं और कांग्रेस के प्रधान भी 78 में से 49 बने हैं। भारतीय जनता पार्टी के केवल 25 प्रधान बने हैं तो वहीं प्रदेश में बने निर्विरोध 9 प्रधान भी कांग्रेस पार्टी के ही हैं। उन्होंने कहा कि भले ही जयपुर जिला प्रमुख का पद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ,गृहमंत्री अमित शाह और आरएसएस की पाठशाला में पढ़ाए गए लोकतंत्र पर डाका डालने के पाठ का नतीजा है। लेकिन जयपुर में भारतीय जनता पार्टी नहीं जीती। बल्कि हमारे लोगों की ओर से पार्टी के साथ जो विश्वासघात किया गया वही जीता है। डोटासरा ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी आधे प्रधान जीतकर खुशी मनाना चाहे तो वह मनाए। लेकिन कांग्रेस पार्टी का प्रदर्शन 6 जिलों के पंचायती राज चुनाव में बेहतरीन रहा है।


0 टिप्पणियाँ