कोटा ब्यूरो रिपोर्ट।
अभिनेत्री अमीषा पटेल मंगलवार को विकास न्यास के ऑडिटोरियम में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पहुंची थी, लेकिन कार्यक्रम में हंगामा हो गया। बताया जा रहा है कि आयोजकों ने एक घंटे के लिए अमीषा पटेल को मंच पर रहने के लिए बुलाया था, लेकिन वह आधे घंटे में ही मंच से उतर गईं। इस बात को लेकर आयोजक बिफर गए और उन्होंने अमीषा पटेल के साथ आए लोगों को खरी-खोटी सुना दी।
दरअसल कोटा में मंगलवार को बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल के एक कार्यक्रम के दौरान हंगामा हो गया। जिसके बाद अमीषा पटेल बाहर आकर कार में बैठ गईं। इस दौरान कार्यक्रम में काफी हंगामा बरपा। आयोजक और अमीषा पटेल को लाने वाले लोगों के बीच बहस होती रही।ऐसे में मौके पर मौजूद पुलिस ने एहतियात बरतते हुए अमीषा पटेल को ही कार्यक्रम से जाने दिया। काफी सुरक्षा के बीच उन्हें गाड़ी में बैठाकर रवाना कर दिया है। यह कार्यक्रम मेकअप सेमिनार का था, जिसक हाड़ौती ब्यूटी फेयर के नाम से आयोजित किया गया था। जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम की आयोजक कल्पना जिलानी थीं, जिन्होंने एक ब्रोकर के जरिए अमीषा पटेल को बतौर सेलिब्रिटी उनके ब्यूटी सेमिनार में आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में कुछ लोगों के साथ फोटो खिंचवाने का भी आयोजक ने तय किया था। हंगामे के दौरान ब्रोकर और आयोजक दोनों पक्ष इस बात के लिए ही उलझते रहे कि अमीषा पटेल ज्यादा लोगों के साथ फोटो नहीं खिंचवाएंगी।इस दौरान अमीषा पटेल गाड़ी में ही बैठी रहीं। जब कुछ लोगों ने उनका कार में फोटो खींचने की कोशिश की, तो उन्होंने मास्क लगा लिया। करीब 20 मिनट तक वह गाड़ी में रहीं। बाद में पुलिस ने सभी लोगों को दूर हटाते हुए अमीषा पटेल को दूसरी गाड़ी में बैठाकर रवाना कर दिया। महावीर नगर थानाधिकारी कलावती चौधरी ने बताया कि फोटो खिंचवाने को लेकर विवाद हुआ था। कोविड-19 गाइडलाइन में संभव नहीं है कि सभी लोगों के साथ फोटो खिंचवाया जाए। यह गाइडलाइन की पालना भी नहीं है।


0 टिप्पणियाँ