चूरू से नरेश पारिक।

चूरू जिला मुख्यालय के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक 27 साल के युवक ने तमंचे से खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। अवैध देशी कट्टे से निकली गोली मृतक के सिर के बीचोबीच लगी। मृतक युवक को मोबाइल पर लगातार गेम खेलने की लत पड़ गई थी।जिसके कारण वह मानसिक तनाव में रह रहा था। मृतक की शिनाख्त 27 वर्षीय गिरीश बुडानिया के रूप में हुई है। मृतक युवक चूरू में ड्राइविंग स्कूल चलाता था। कोतवाली पुलिस ने मृतक का राजकीय भरतिया अस्पताल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द किया। पोस्टमार्टम से पहले मृतक केशव का एक्स-रे भी करवाया गया। पुलिस ने मौकास्थल को सीज कर अवैध हथियार भी बरामद किया है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतक के पिता ताराचंद बुडानिया ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया की 27 साल गिरीश कुमार मोबाइल पर गेम खेलता रहता था। जिसकी दिमागी हालत ठीक नहीं थी। उसका हर वक्त चिड़चिड़ा स्वभाव परिजनों के लिये भी परेशानी का सबब बना हुआ था। शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे हाउसिंग बोर्ड चूरू में स्थित अपने घर के ऊपर बने कमरे में युवक अकेला था। जिसने खुद को गोली मार ली।  गोली की आवाज सुनकर उसकी पत्नी ऊपर गई। उसको लहूलुहान देखकर पत्नी ने पड़ोसी को बुलाया तो उसकी धड़कन चल रही थी। तब उसे लेकर भरतिया अस्पताल के आपातकालीन वार्ड लाया जहां चिकित्सकों ने गिरीश को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सीओ सिटी ममता सारस्वत सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।