पाली से मनोज शर्मा।

कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग अलर्ट मोड पर है। इसी के तहत जिला कलेक्टर अंशदीप ने जिला मुख्यालय पर स्थित जिला आयुर्वेद चिकित्सालय की व्यवस्थाएं जांची। इस दौरान वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉक्टर शिवकुमार शर्मा ने उन्हें आयुर्वेद चिकित्सालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। चिकित्सालय के निरीक्षण के बाद कलेक्टर अंशदीप ने बताया कि कोरोना की दूसरी लहर में चिकित्सा विभाग पर अत्यधिक दबाव था। इस दौरान आयुर्वेद विभाग का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। अब कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए जिला आयुर्वेद चिकित्सालय सहित जिले के अन्य आयुर्वेद चिकित्सालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। इस दौरान जब कलेक्टर अंशदीप से बांगड़ चिकित्सालय में बढ़ रही बच्चों की संख्या के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बच्चों की संख्या तो बढ़ी है पर उनमें कोरोना के लक्षण नहीं है।