उदयपुर से भगवान प्रजापत।
देश मे महंगाई, पेट्रोल डीज़ल, रसोई गैस और आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के विरोध में उदयपुर शहर और देहात कांग्रेस के कार्यकर्ता एकजुट हुए और जिला कलेक्ट्री के बाहर मोदी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। शहर और देहात कांग्रेस के आह्वान पर कार्यकर्ता और नेता कलेक्ट्री के बाहर इकठ्ठा हुए थे। कलेक्ट्री के बाहर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ अपना गुस्सा व्यक्त किया और मोदी सरकार को आम आदमी विरोधी सरकार बताया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. गिरिजा व्यास ने केन्द्र की मोदी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए देश में बढ़ती महंगाई के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार ठहराया। गिरिजा व्यास ने कहा कि देश ऐसी स्थिति से गुजर रहा है जिससे कोई खुश नही है। किसानों को सड़कों पर आना पड़ रहा है तो आमजन पेट्रोल डीज़ल और रसोई गैस की बढ़ी किमतों से परेशान है।
सरकार ने नया मिशन शुरू किया है और सभी सरकारी सम्पतियों को बेचकर पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य बन चुका है। इससे देश बर्बाद हो जाएगा। शहर और देहात कांग्रेस के बैनर तले कांग्रेस के नेताओं ने एक एक कर मोदी सरकार पर हमला बोला। इंटक के प्रदेशाध्यक्ष और पीसीसी के पूर्व महासचिव जगदीश राज श्रीमाली ने मोदी सरकार को कर्मचारियों और मजदूरों के लिए घातक बताया। उन्होने कहा कि देश में निजीकरण करने से मजूदरो का अहित हो रहा है लेकिन सरकार केवल और केवल पूंजीपतियों का हित सोचकर काम कर रही है। शहर जिला कांग्रेस के निर्वतमान जिलाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि आमजनता त्रस्त है और मोदी सरकार के मंत्री और भाजपा के नेता मस्त है। इस मौके पर शहर और देहात जिला कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारियों के साथ नगर निगम के पार्षद मौजूद रहें।



1 टिप्पणियाँ
शानदार नाटक अन्य राज्यों से लगभग दस रूपये राजस्थान सरकार पेट्रोल डीजल पर अधिक ले रही है तथा मोदी सरकार के विरुद्ध नाटक करने चले ।😀
जवाब देंहटाएं