हत्या के मामले में गैंगस्टर विक्रम उर्फ पपला गुर्जर की गुरुवार को हरियाणा के नारनौल कोर्ट में पेशी हुई। पुलिस राजस्थान की अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से उसे कड़ी सुरक्षा के बीच नारनौल लेकर गई। पेशी के समय कोर्ट में चप्पे-चप्पे पर हरियाणा और राजस्थान दोनों जिलों की पुलिस के जवान तैनात रहे। कोर्ट परिसर के बाहर बैरिकेड्स भी लगाया हुआ था। वकीलों को छोड़कर किसी ओर को अंदर जाने की इजाजत नहीं थी।

महेन्द्रगढ़ में हत्या के मामले में गुरुवार को नारनौल कोर्ट में पपला की पेशी हुई। सुबह से ही कोर्ट में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। हर शख्स को जांच के बाद ही अंदर जाने दिया गया। पपला की पेशी के समय आम लोगों की एंट्री तक बंद कर दी गई। पुलिस घेराबंदी के बीच दोपहर में पपला को एडिशनल जज सुधीर जीवन के सामने पेश किया गया। पपला गुर्जर के वकील कुलदीप बरहगढ़ ने बताया कि पपला पर कई मुकदमे हरियाणा के महेन्द्रगढ़ में दर्ज हैं। इस कारण पपला ने नारनौल की नसीबपुर जेल में ही रखने की अर्जी दी थी। कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है। अब पपला को नारनौल की नसीबपुर जेल में रखा जाएगा।

2015 में दर्ज हत्या के मामले में पेशी
पपला पर 21 अगस्त 2015 को हरियाणा के महेन्द्रगढ़ में हत्या का मामला दर्ज हुआ था। मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। मगर कोर्ट में पेशी के दौरान उसके साथी पुलिस पर फायरिंग कर छुड़ाकर ले गए थे। इसके बाद 6 सितंबर 2019 को वह अपने कई साथियों के साथ बहरोड़ में पकड़ा गया था। उसके पास कार में करीब 31 लाख रुपए भी मिले थे। अगले दिन सुबह-सुबह ही पपला को उसके साथी बदमाश बहरोड़ थाने का लॉकअप तोड़ कर भगा ले गए थे। एके-47 से गोलियां बरसाई थीं।

गर्लफ्रेंड के साथ महाराष्ट्र से 28 जनवरी को पकड़ा गया था

पपला महाराष्ट्र के कोल्हापुर में गर्लफ्रेंड जिया के साथ पकड़ में आया। पुलिस उसे और उसकी गर्लफ्रेंड जिया को अलवर लेकर आई। यहां पुलिस ने उन्हें कई दिन के लिए रिमांड पर लिया। इसके बाद पपला को 15 फरवरी को अजमेर जेल भेज दिया गया। उसकी गर्लफ्रेंड जिया अलवर जेल में रही।​​​​​​ जिया को 4 फरवरी को अलवर जेल भेजा था। यहां करीब दो माह 4 दिन जेल में रही। बाद में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। तब से अब दोनों को बीच-बीच में पेशी पर आना पड़ता है। पपला अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद रहा। हरियाणा की नारनौल पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाने की कोशिश कर रही थी। मगर सुरक्षा कारणों के चलते पपला की नारनौल कोर्ट में पेशी होने में देरी हो रही थी।