सवाईमाधोपुर ब्यूरो रिपोर्ट।
त्रिनेत्र गणेश मंदिर, रणथम्भौर 7 सितम्बर से 12 सितम्बर तक बंद रहेगा। यहा इस बार मेला भी नहीं भरेगा। जिला कलेक्टर राजेन्द्र किशन ने टोंक, दौसा, करौली, जयपुर और श्योपुर कलेक्टर को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि वे प्रयास करें कि कोई यात्री त्रिनेत्र गणेश मंदिर के लिये घर से रवाना नही हो, फिर भी यदि कोई यात्री,पदयात्री,जत्थे घरों से रवाना हो चुके हैं तो सम्बंधित जिलों में ही रोक कर उन्हें उनकों घरों के लिये लौटाने की कार्रवाई करें। इसके साथ ही जिला कलेक्टर ने जिलों में इस सूचना का प्रचार-प्रसार करवाने की बात कही ताकि वहा से कोई श्रृद्धालु 7 से 12 सितम्बर के बीच गणेश मंदिर नहीं आये। मंदिर बंद रहने तथा मेला नहीं भरने से उस श्रृद्धालु को बडी असुविधा होगी जो यहा आने के लिये यात्रा करेगा। जिला कलेक्टर ने सवाईमाधोपुर जिले के सभी उपखंड अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि ऐसे पदयात्रियों या वाहन से यात्रा कर रहे श्रृद्धाल जो गणेश मंदिर आ रहे हैं, उनको उपखंड या थाना क्षेत्र के एंट्री प्वाइंट पर ही रोक कर उनके घरों के लिये रवाना करें। इस सम्बंध में रोडवेज अधिकारियों को भी निर्देश दिये गये हैं कि बस स्टैंडों पर यह सूचना प्रसारित करवायें। उल्लेखनीय है कि सवाईमाधोपुर एसडीएम कपिल शर्मा ने मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध और कोरोना गाइडलाइन की पालना सुनिश्चित करवाने के लिये यह निर्णय लिया है। जिले में कोरोना संक्रमण रोकथाम के लिये धारा 144 लगी हुई है। किसी भी प्रकार के धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक आयोजन, जुलूस पर रोक है। इसके साथ ही गत 10 जुलाई और 16 जुलाई को गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार किसी भी प्रकार के धार्मिक समारोह, आयोजन पर रोक है।


0 टिप्पणियाँ