अजमेर ब्यूरो रिपोर्ट

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 2022 की मुख्य परीक्षा के लिए विद्यार्थी आज से यानी की 3 सितंबर से 27 सितंबर तक आवेदन कर सकेंगे।इसके बाद अतिरिक्त शुल्क के साथ विद्यार्थी 5 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे।

दरअसल राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2022 के मुख्य परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया गुरुवार यानी की आज से शुरू हो रही है। परीक्षा के लिए सामान्य परीक्षा शुल्क के साथ 27 सितंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे। अतिरिक्त परीक्षा शुल्क के साथ 5 अक्टूबर तक आवेदन स्वीकार किया जाएगा।बोर्ड के अनुसार नियमित परीक्षार्थियों के लिए 600 रुपए तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के लिए 650 रुपए निर्धारित है। प्रायोगिक परीक्षा शुल्क सौ रुपए प्रति विषय प्रथक से देय होगा। साथ ही विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थी दृष्टिबाधित परीक्षार्थी, दिव्यांग परीक्षार्थी और युद्ध में वीरगति को प्राप्त अथवा अपाहिज सैनिकों के पुत्र,पुत्रियां,पुलवामा हमले में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों को परीक्षा शुल्क से मुक्त रखा गया है।लेकिन टोकन शुल्क 50 रुपए जमा करवाना अनिवार्य होगा।बोर्ड अध्यक्ष डॉ. डीपी जारोली ने बताया कि विद्यालयों की ओर से बोर्ड की वेबसाइट http://rajeboard.rajasthan.gov.in पर लॉग इन कर आवेदन पत्र भरे जा सकेंगे। नियमित परीक्षार्थियों के विद्यालय तथा स्वयंपाठी परीक्षार्थी निकटतम अग्रेषण अधिकारी के माध्यम से ही आवेदन पत्र अग्रेषित करवा सकेंगे। परीक्षार्थी स्वयं के बैंक के माध्यम से आवेदन पत्र अग्रेषित नहीं करवा सकेंगे। नेशनल काउंसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग से आईटीआई अथवा पॉलिटेक्निक उत्तर परीक्षार्थी समकक्षता प्राप्त करने एवं माध्यमिक/ उच्च माध्यमिक परीक्षा ( व्यवसायिक) के लिए भी निर्धारित तिथियों में ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना अनिवार्य है। म्यूजिक शिक्षण संस्थानों को ऑनलाइन आवेदन से पहले बोर्ड का संबद्धता शुल्क जमा करवाना आवश्यक होगा। इसके अभाव में ऑनलाइन आवेदन के लिए लॉगिन नहीं किया जा सकेगा। डॉ. जारोली ने बताया कि परीक्षा आवेदन करने वाले अन्य बोर्ड से प्रवर्जित परीक्षार्थियों को राजस्थान बोर्ड से पात्रता प्रमाण पत्र लेना अनिवार्य है। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड नई दिल्ली और राजस्थान स्टेट ओपन बोर्ड जयपुर सहित देश के अन्य सभी शिक्षा बोर्ड से प्रवर्जित परीक्षार्थियों के शाला प्रधान ऑनलाइन पात्रता प्रमाण पत्र निर्धारित फॉर्मेट के अनुसार पूर्ति कर तथा चालान से शुल्क जमा करवाकर ऑनलाइन प्राप्त कर सकेंगे।पात्रता प्रमाण पत्र के क्रमांक का सही-सही उल्लेख आवेदन पत्र पर करने के पश्चात ही आवेदन पत्र भरा जा सकेगा। विद्यालयों की ओर से परीक्षार्थियों के परीक्षा आवेदन पत्र ऑनलाइन ही भरे जा सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन पत्र भरने संबंधी जानकारी के लिए बोर्ड कंट्रोल रूम 0145-2632866, 2632867 और 2632868 पर संपर्क किया जा सकता है।