उदयपुर से भगवान प्रजापत

उदयपुर के रंगनिवास मार्ग पर हनुमान मंदिर में प्रतिमा को खंड़ित करने की सूचना पर शहर में हड़कंप मचा दिया। आनन-फानन में हिन्दू संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बीजेपी-कांग्रेस के नेता भी मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने सभी की मौजूदगी में जांच की तो प्रतिमा के आगे लगे दरवाजे के गिरने से प्रतिमा का कौना खंडित होना सामने आया। पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग दिखाए जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली। दरअसल रंगनिवास मार्ग पर होटल शंभू विलास के सामने हनुमान मंदिर में सुबह दर्शन करने पहुंचे लोगो ने प्रतिमा के खंडित भाग को देखकर हंगामा कर दिया। सोशल मीडिया के जरिए देखते हीं देखते पूरे शहर में सूचना फैल गई। पार्षद सहित कई पदाधिकारी मौके पर जमा हो गए और इसे असामाजिक तत्वों की करतूत बताने लगे। पुलिस ने लोगो से पूछताछ की मगर कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई।

इस दौरान मंदिर से जुड़े सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर मुख्य गेट का गिरना सामने आया। पुलिस ने सभी फुटेज चेक करने के बाद क्षेत्रवासियों और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों को भी दिखाए। जानकारी में सामने आया है कि अलसुबह मंदिर के लोहे का गेट सीधा हनुमान जी की प्रतिमा के नीचे वाले हिस्से में जा गिरा। इससे प्रतिमा का एक कौना खंडित हो गया। बाद में मंदिर के गेट को दो लोगो ने उठाकर सही कर दिया। इसके बाद दर्शन करने पहुंचे कुछ लोगों ने प्रतिमा को किसी के द्वारा छेड़छाड़ करने की आशंका जताते हुए हंगामा कर दिया।

थानाधिकारी हनवंतसिंह राजपुरोहित ने बताया कि क्षेत्रवासियों की सूचना पर मौके पर पुलिस ने सभी फुटेज चेक किये गये है। असामाजिक तत्वों की करतूत जैसी कोई बात नहीं है। बता दे कि इससे पहले भी उदयपुर के सूरजपोल इलाके में तीन मंदिरों में प्रतिमा को जलाकर खंडित करने का मामला सामने आया था। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया था।