श्रीगंगानगर से राकेश मितवा की खबर

श्रीगंगानगर के गंगासिंह चौक पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मेघवाल पर किसान नेताओं द्वारा किए गए हमले के विरोध में आज अंबेडकर चौक पर दलित समाज की ओर से धरना प्रदर्शन किया गया। 

          दलित समाज पर हो रहे लगातार अत्याचार एवं कैलाश मेघवाल पर हुए हमले के आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं होने से समाज के लोगों में आक्रोश है और इसी को लेकर आज दलित समाज की ओर से अंबेडकर चौक पर प्रदर्शन का आयोजन किया गया था।

        सैकड़ों की तादाद में लोगों की मौजूदगी में वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार से केवल कृषि कानून के विरोध के नाम पर भाजपा नेताओं को चुन चुन कर निशाना बनाया जा रहा है और इस हमले में कांग्रेस पार्टी शामिल है। वामपंथी नेताओं के साथ मिलकर कांग्रेस पार्टी भाजपा के लोगों पर हमले करवा रही है इसे सहन नहीं किया जाएगा।

        गौरतलब है कि  पदमपुर में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक में भी इस प्रकार किसान संघर्ष समिति के लोगों द्वारा हंगामा किया गया एवं बाद में भाजपा द्वारा श्रीगंगानगर के गंगा सिंह चौक पर किए गए धरना प्रदर्शन में भी कैलाश मेघवाल के साथ किसान संघर्ष समिति के लोगों द्वारा मारपीट की गई और उनके कपड़े फाड़ डाले गए।

        प्रदर्शन धरने में भाजपा जिलाध्यक्ष आत्माराम तरड़ सहित विधायक संतोष बावरी, विधायक बलवीर लूथरा, भाजपा नेता विनीता आहूजा, जुगल डुमरा, अमित करगवाल, ओमी नायक ,हनुमान गोयल, रतन गणेश गढ़िया नगरपरिषद में प्रतिपक्ष नेता बबिता गोड़ सहित दर्जनों की तादाद में नेता गण मौजूद रहे ।

        धरने में वक्ताओं ने राज्य सरकार पर इस प्रकार के असामाजिक तत्वों को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा गया कि कांग्रेस सरकार द्वारा असामाजिक तत्वों को खुली छूट दी गई है और वह इस प्रकार विचारधारा के नाम पर भाजपा के लोगों पर हमले करवा रहे हैं। टेंपो यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष ओमी नायक ने कहा कि वामपंथी नेता हेतराम बेनीवाल के नेतृत्व में इस प्रकार हमलावर कार्य कर रहे हैं अगर उनमें हिम्मत है तो वे अब किसी दलित पर हमला करके देखें उन्हें किसी प्रकार से बख्शा नहीं जाएगा। इसी बीच पीलीबंगा से श्रीगंगानगर में धरने में शामिल होने आ रहे एससी एसटी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मेघवाल के काफिले पर गोलूवाला और पीलीबंगा के बीच हमला ह

 हुआ है ,50 -60  लोगों के एक हुजूम द्वारा उनके काफिले पर हमला किया गया, जिसमें कैलाश मेघवाल की टीम के 10- 12 लोगों को चोटें भी आई है मौके पर पुलिस पहुंची और वहां लोगों को तितर-बितर किया गया बाद में पुलिस सुरक्षा में कैलाश मेघवाल को श्रीगंगानगर रवाना किया गया ।

       लगभग 4 घंटे तक चले धरना के बाद दलित समाज के लोगों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जिसमें भाजपा नेताओं पर किए गए हमले के हमलावरों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की गई साथ ही इस प्रकार की घटनाएं भविष्य में ना हो इसके लिए पुख्ता इंतजाम बात करने की बात भी कही गई।