हनुमानगढ़ से विश्वास कुमार, हनुमानगढ़ जिले के नए अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौंकरिया ने बुधवार को  पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान निवर्तमान एडीएम और वर्तमान में सीईओ जिला परिषद अशोक असीजा, कलेक्ट्रेट के कार्यालय अधीक्षक बृजमोहन सोखल सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। 



सौंकरिया ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए जिले में सबको साथ लेकर चलने और आमजन की परिवेदनाओं की तत्काल सुनवाई करते हुए जल्द से जल्द निस्तारण की बात कही है।गौरतलब है कि मूलतः जयपुर के रहने वालेे सौंकरिया इससे पहले बीकानेर में कोलोनाइजेशन में एडिश्नल कमीश्नर होने के साथ राजस्व अपील अधिकारी भी थे। इससे पहले चूरू में दो बार एडीएम पद पर रहे। चूरू में ही एसीईओ जिला परिषद के पद पर भी रहे। उपखंड अधिकारी के रूप में सौंकरिया ने बारां के किशनगंज, अटरू और झुंझुनूं के मलसीसर में सेवाएं दी है।