पहली बार किए हमले में तो बच गई लेकिन इस बार नहीं बचोगी। अब सीधे गोली मार दूंगा। फोन पर ये धमकी मिली भरतपुर सांसद रंजीता कोहली को। धमकी देने वाले ने सांसद के पीए दीपक कुमार से भी फोन पर अभद्रता से बात की। इस बारे में शिकायत दर्ज होते ही पुलिस ने एक्शन लिया और कॉल नंबर के आधार पर धमकी देने वाला भुसावर इलाके से पुलिस गिरफ्त में आ गया।
धमकी देने वाले आरोपी का नाम महेंद्र कोली है। पुलिस के अनुसार उसने शराब के नशे में सांसद को धमकी दी थी। इस मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। सांसद रंजीता कोहली ने इसकी शिकायत एसपी देवेंद्र कुमार विश्नोई से भी की थी। इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार सांसद दिल्ली में रेलवे को लेकर हुई बैठक में शामिल होने गई थी। इसी बीच उनके सरकारी फोन पर धमकी भरा कॉल आया। इस बारे में सांसद रंजीता कोली का कहना है कि वे किसी से डरने वाली नहीं है।
जो काम खनन को लेकर वे करने जा रही है, उसे करके ही रहेगी। चाहे कुछ भी हो जाए। आपको बता दें कि इससे पहले 28 मई को भी सांसद रंजीता कोली की गाड़ी पर भी हमला हुआ था हलैना थाना इलाके में रात के समय हुए इस हमले में कुछ लोगों ने सांसद की गाड़ी पर पथराव किया था लेकिन आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से दूर है।
ब्यूरो रिपोर्ट।


0 टिप्पणियाँ