ब्यूरो रिपोर्ट।
प्रदेश कांग्रेस का काउंटडाउन आखिरी राउंड की ओर बढ़ गया है। पिछले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश कांग्रेस में मचे सियासी घमासान के बीच सचिन पायलट यहां से नदारद रहे और अब मंगलवार शाम को वापस जयपुर लौट आए हैं। उनके जयपुर आते ही 11 नंबर बंगले पर सियासी हलचल तेज हो गई है। पायलट से आधा दर्जन से भी ज्यादा विधायक मुलाकात कर चुके हैं। कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी हुई है और ये सब लग रहा है कि 7 दिन दिल्ली प्रवास के बाद लौटे पायलट आलाकमान की ओर से मजबूत इशारा लेकर आए हैं। अब दो-तीन दिन के दौरान ही प्रदेश कांग्रेस में सियासी घमासान तेज होने के आसार नजर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की इस मामले मे चुप्पी स्पष्ट तौर से ये इशारा कर रही है कि जो कुछ होने वाला है वो उनकी मर्जी के खिलाफ हैं। लेकिन इस मामले में उनकी ओर से लगातार 15 महीनों से जताए गए गतिरोध के बावजूद आलाकमान ने अब ये स्पष्ट निर्णय ले लिया है कि राजस्थान में कांग्रेस मध्य प्रदेश की गलतियों को नहीं दोहएगी। गहलोत को राजी करने के लिए कांग्रेस आलाकमान सचिन पायलट के पीछे छिपे बहुमत को खोना नहीं चाहता। राहुल गांधी वैसे भी पार्टी में युवा बिग्रेड को कमान सौंपने की मंशा काफी पहले से ही जता चुके हैं। अशोक गहलोत 70 बरस के पार हो चुके हैं और देखा जाए तो प्रदेश कांग्रेस मंत्रिमंडल में 60% से ज्यादा मंत्रियों की उम्र 60 साल से भी ज्यादा है। इनमें से ज्यादातर लोग गहलोत मंत्रिमंडल में लगभग तीसरी बार मंत्री पद की शोभा बढ़ा चुके हैं। अब इनके पीछे जनाधार की स्थिति को लेकर सारी रिपोर्ट आलाकमान के पास पहुंच चुकी है। ऐसे में अब आलाकमान की मंशा यही है कि प्रदेश कांग्रेस की कमान युवा हाथों में सौंपी जाए लेकिन बुजुर्ग पीढ़ी को भी नाराज नहीं किया जाए। इसको लेकर पिछले 2 महीने से लगातार मंथन जारी था। कई बार अंतिम निर्णय की स्थिति भी आई लेकिन हर बार गहलोत ने कोई न कोई खामी बता कर पार्टी के सुझाव को प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया और वे आलाकमान की ओर से सुझाए गए किसी भी निर्णय पर पूरी तरह से सहमत नहीं हुए। आखिरकार आलाकमान ने भी अब सोच लिया है कि चाहे गहलोत नाराज हो जाए लेकिन निर्णय लेने में यदि अब देर हुई तो पार्टी को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। इसीलिए अब चाहे गहलोत नाराज हो या ना हो, अंतिम निर्णय फाइनल हो गया है। बस अब पर्दा उठने की देर है और जल्द ही वास्तविक नजारा प्रदेश की जनता के सामने आने वाला है।


0 टिप्पणियाँ