सिरोही से गणपत सिंह

 राजस्थान के सिरोही जिले में शनिवार रात को एक सड़क हादसे के बाद हड़कंप मच गया। शहर के नजदीक नेशनल हाइवे पर एक ट्रैलर ने टैंकर को टक्कर मार दी, इसके बाद टैंकर से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। आरएससी कैंप के पास रात 10 बजे हुए इस हादसे के बाद पेट्रोल का लीक होना लगातार जारी रहा। इससे टैंकर में आग लगने का खतरा और बढ़ गया था। हालांकि बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को काबू में कर लिया।

पेट्रोल से भरे टैंकर को पीछे से आ रहे कोयले से भरे ट्रेलर ने इस कदर टक्कर मारी की टैंकर डिवाइडर पर चढ़ गया। गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर के बावजूद कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। टक्कर के बाद हाइवे पर पेट्रोल लीकेज हो गया।सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को रोक कर एक तरफ का यातायात शुरू करवाया। उधर पालड़ी पुलिस ने टक्कर के बाद फरार हुए कोयले से भरे ट्रेलर को पकड़ लिया है। ट्रेलर चालक सड़क पर ही टेलर को छोड़कर फरार हो गया। सिरोही थाना प्रभारी राजेंद्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि आरएससी कैंप के पास रात 10 बजे करीब 23 हजार लीटर पेट्रोल से भरा एक टैंकर सिरोही से पाली की ओर जा रहा था। एक ट्रैलर ने टैंकर को टक्कर मार दी, इसके बाद टैंकर से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और हाइवे के दोनों तरफ करीब एक किमी पहले ही यातायात को रुकवा दिया और ग्रामीणों को भी मौके पर बीड़ी-सिगरेट नही पीने के लिए भी पांबद कर दिया। कुछ देर बाद मौके पर दमकल भी जा पहुंची और रोड पर फैले पेट्रोल को पानी के प्रेशर से हटाया।