चित्तौड़गढ़ से गोपाल चतुर्वेदी की रिपोर्ट

चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र में स्थित सारणेश्वर महादेव मंदिर पर पुजारी के साथ महिला के कथित तौर पर अनैतिक संबंधों को लेकर मारपीट का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। गत 30 जुलाई को गंगरार से सारणेश्वर महादेव मंदिर के ओसरा पुजारी गणेशलाल पाराशर के साथ महिला के मंदिर में मौजूद होने को लेकर अनैतिक संबंधों का आरोप लगाते हुए कुछ लोगों ने मारपीट की थी और इसका वीडियो वायरल हो गया था। इसी के साथ पुजारी के साथ मारपीट करने के दौरान मंदिर में मौजूद महिला का भी वीडियो बनाया गया। उसके कपड़े खींच कर उसके साथ भी मारपीट की गई। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने से आहत महिला ने वीडियो वायरल करने और घटना करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद गोयल को रिपोर्ट पेश की है। जानकारी के अनुसार मंगलवार को पीड़िता पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश हुई है। इसमें पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि पुजारी परिवार का और उसके परिवार का परिवारिक संबंध है और पुजारी की पत्नी के साथ मंदिर में पूजा करने लग गई थी। इस दौरान पुजारी की पत्नी वहां मौजूद नहीं थी। वह उसका इंतजार कर रही थी। इसी बीच कुछ लोगों ने उसे कमरे में बंद कर अनैतिक संबंधों का आरोप लगाते हुए मारपीट कर दी। उसके कपड़े खींच कर उसे अपमानित किया और उसकी लज्जा भंग का प्रयास किया। इस घटनाक्रम को लेकर बनाया गया वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को हानि पहुंची है। वहीं पीड़िता का कहना है कि उसके पति एक सम्मानजनक पद पर कार्य करते हैं। इस घटना से उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा की हानि हुई है। पीड़िता ने लगभग आधा दर्जन लोगों को नामजद करते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पीड़िता ने बताया कि यदि उसे न्याय नहीं मिलता है तो वह पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ही बैठी रहेगी और कार्रवाई का इंतजार करेगी। पीड़िता अपने पति के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और पुलिस अधीक्षक को रिपोर्ट प्रस्तुत कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।

वही इसके बारे में जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिम्मत सिंह देवल ने बताया कि पीड़िता ने 30 जुलाई को उसके साथ हुई पूरी घटना के बाद मंगलवार को जिला पुलिस अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद गोयल के समक्ष उपस्थित हो कर पूरा घटनाक्रम बताने के साथ ही रिपोर्ट भी पेश की है,इसी के आधार पर अब दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित थाना अधिकारी को दे दिए गए हैं।