उदयपुर से भगवान प्रजापत

उदयपुर जिले के ग्रामीण इलाकों में वन्य जीवों के आबादी क्षेत्र में आ जाने से इन दिनों ग्रामीण खौफ में जीने को मजबूर है। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में मंगलवार को 12 फिट का अजगर घुस आया और अजगर ने नेवले को निगल लिया। ग्रामीणों ने अजगर का रेस्क्यू करने की बडी कोशिश की लेकिन वह कामयाब नही हो सकें। उन्होने वन विभाग को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने 2 घंटे में अजगर का रेस्क्यू किया। अजगर के खौफ से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि गोगुंदा के चुंडावतों का गुड़ा गांव में वीरेंद्र सिंह के खेत में अजगर घुस गया था। अजगर ने वहां मौजूद नेवले को अपना शिकार बना लिया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने नेवले को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन अजगर ने नेवले को निगल लिया। किसानों ने अजगर को भी पकड़ने की कोशिश भी की। वह काबू में नहीं आया। वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। कुछ ही देर बाद टीम मौके पर पहुंची।  2 घंटे की मशक्कत के बाद विशालकाय अजगर वन विभाग के काबू में आया। जिसे टीम ने रेस्क्यू कर फिर से आबादी क्षेत्र से दूर घने जंगलों में छोड़ दिया। उदयपुर के ग्रामीण इलाको में इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भीं वन्यजीवों के आतंक ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया था। पिछले कुछ वक्त में उदयपुर के ग्रामीण इलाकों में कभी तेंदुआ, तो कभी मगरमच्छ पहुंचने लगे हैं, वहीं अब आबादी क्षेत्र में अजगर की आवाजाही बढ़ गई है। जिसको लेकर अब ग्रामीणों के साथ वन विभाग की टीम भी चिंतित है।