नेता प्रतिपक्ष गुलाब चंद कटारिया की ओर से भगवान राम को लेकर दिये विवादित बयान के बाद कटारिया के खिलाफ विरोध थमने का नाम नही ले रहा है। पहले कांग्रेस और अब उदयपुर में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कटारिया के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। 

शुक्रवार को सुखाडिया विश्वविद्यालय के मेन गेट के बाहर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कटारिया का पुतला दहन कर नारेबाजी की। इस मौके पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कटारिया को बडबोला बताते हुए कहा कि कटारिया किसी के भी खिलाफ कोई भी अभद्र टिप्पणी कर देते है। 


पहले वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप उसके बाद डॉ भीमराव अम्बेडकर और अब भगवान श्रीराम पर ही विवादित बयान दे दिया। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक और भाजपा भगवान श्रीराम के नाम पर वोट मांगती है और अब उन्ही को अपमानित करने का काम कटारिया कर रहे है।

 यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कटारिया के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए कटारिया से विधायक पद से इस्तीफा देने की मांग की गई है। आपको बता दे कि इस पहले कटारिया के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोला था और परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने जयपुर में प्रेस वार्ता कर कटारिया को घेरने की कोशिश की गई थी साथ ही प्रताप सिंह खाचरियावास ने कटारिया के बयान की निंदा की थी। हांलाकि उसके बाद कटारिया ने सोशल मिडिया के माध्यम से भगवान श्रीराम को लेकर दिये विवादित बयान पर माफी मांग ली थी।


उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट,