शैक्षणिक सत्र 2021-22 में जवाहर नवोदय विद्यालयों की कक्षा 6 में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 11 अगस्त को होगी। मेरिट में आने वाले छात्रों को स्कूल की 80 सीटों पर एडमिशन मिलेगा। गजनेर स्थित जवाहर नवोदय स्कूल में प्रवेश के लिए बीकानेर जिले से 4647 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। यानी एक सीट पर 58 दावेदार हैं।

शिक्षा विभाग में परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी है। 11 अगस्त को एक पारी में सुबह 11.30 से 1.30 बजे तक परीक्षा होगी। बीकानेर में इस परीक्षा के लिए 23 केंद्र गठित किए गए हैं। स्टूडेंट्स को परीक्षा कक्ष में 10.45 बजे प्रवेश करना होगा। शनिवार को महारानी स्कूल में केंद्राधीक्षकों की बैठक हुई। जिसमें सभी केंद्र अधीक्षकों को परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया।

परीक्षार्थियों को मास्क लगाकर परीक्षा कक्ष में उपस्थित होना होगा। सैनेटाइजर व थर्मल स्कैनिंग की व्यवस्था भी रखनी होगी। बैठक में डीईओ माध्यमिक सुरेंद्र सिंह भाटी, एडीईओ शैक्षणिक भूप सिंह तिवारी, नवोदय स्कूल के प्रिंसिपल मदनलाल वर्मा, प्रधानाचार्य सुमन आर्य, महावीर सिंह पूनिया, मदन कुमार गोदारा आदि शामिल हुए।

75% ग्रामीण और 25% शहरी क्षेत्र के स्टूडेंट्स को मिलेगा प्रवेश : जवाहर नवोदय स्कूल में प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा। निर्धारित 80 सीटों पर 75% ग्रामीण क्षेत्र और 25% शहरी क्षेत्र से संबंधित स्कूलों के स्टूडेंट्स को प्रवेश मिलेगा।

जवाहर नवोदय स्कूल में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा 11 अगस्त को होगी। कोविड-19 की गाइडलाइन के मुताबिक परीक्षा करवाई जाएगी। इस संबंध में केंद्राधीक्षकों को दिशा निर्देश दिए गए हैं।

सुरेंद्र सिंह भाटी, डीईओ, माध्यमिक

(दैनिक भास्कर से साभार)