जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट
राजस्थान के 6 जिलों में रविवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए दूसरे चरण का मतदान हुआ।चुनाव में 65.88 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। सर्वाधिक मतदान जोधपुर जिले में हुआ, जहां आउ पंचायत समिति में 77.02 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
दरअसल राजस्थान प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के तहत 6 जिलों की 28 पंचायत समितियों के 536 सदस्यों और उनसे संबंधित जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान करवाया गया।वहीं दूसरे चरण में 10 पंचायत समिति सदस्य पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं। अब तीसरे और अंतिम चरण का मतदान 1 सितंबर को करवाया जाएगा। जबकि तीनों चरणों की मतगणना 4 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर होगी।चुनाव आयुक्त पीएस मेहरा ने बताया कि दूसरे चरण में 3459 मतदान केंद्रों पर 25 लाख 60 हजार 153 मतदाता में से 16 लाख 86 हजार 502 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।उन्होंने बताया कि सभी चरणों के मतदान सम्पन्न होने के बाद जिला मुख्यालयों पर मतगणना करवाई जाएगी।आयुक्त ने बताया कि छह जिलों में हुए चुनाव में प्रातः 10 बजे 12.91 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 12 बजे मतदान का प्रतिशत 28.11 तक पहुंच गया। दोपहर 3 बजे तक प्रतिशत 50.88 तक जा पहुंचा और शाम बजे 5.30 बजे 64.61 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। मतदान समाप्ति तक यह प्रतिशत 65.88 तक पहुंच गया। आयुक्त ने मतदाताओं से तृतीय और अंतिम चरण के मतदान के लिए भी इसी तरह उत्साहपूर्वक मतदान करने की अपील की है।



0 टिप्पणियाँ