राजस्थान देश का चौथा राज्य बन गया है, जहां अब तक कोरोना की 4 करोड़ से अधिक डोज लग चुकी हैं। इसी के साथ राजस्थान ने मध्यप्रदेश को भी वैक्सीनेशन में पछाड़ दिया है। राजस्थान में अब तक 4 करोड़ 5 लाख 73 हजार 465 डोज जिलों को आवंटित हुई हैं।

वहीं, मध्यप्रदेश को 4 करोड़ 2 लाख 4 हजार 673 डोज आवंटित हुई है। राजस्थान में मंगलवार शाम तक 4 करोड़ 1 लाख 52 हजार 760 डोज लग चुकी थी। एक दिन में को-विन एप के अनुसार 596268 डोज लगी। प्रदेश को अब तक 3 करोड़ 7 लाख 36 हजार 559 पहली डोज और 98 लाख 36 हजार 906 दूसरी डोज आवंटित की गई।

इनमें से अब तक कोविशील्ड की 3 करोड़ 49 लाख 61 हजार 640 डोज और कोवैक्सीन की 51 लाख 91 हजार 120 डोज आई हैं। उत्तरप्रदेश 6.4 करोड़ डोज के साथ देश में सबसे आगे है। इसके बाद महाराष्ट्र में 5.4 करोड़ और गुजरात में 4.3 करोड़ डोज लगी हैं। प्रदेश में मंगलवार को पहली बार एक साथ करीब 10 लाख डोज पहुंची। मंगलवार को कोविशील्ड की 8 लाख 90 हजार 610 डोज की खेप आई।