झालावाड़ से हरिमोहन चोडॉवत

झालावाड़ जिले के भवानीमंडी कस्बे में रविवार तड़के एक बुजुर्ग महिला का शव खून से सनी हालत में अपने घर में पड़ा मिला था। ब्लाइंड मर्डर के मामले में पुलिस अधीक्षक किरण कंग सिद्धू के निर्देश पर 7 पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी, तो वहीं डॉग स्क्वायड तथा एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए थे। मामले में पुलिस ने 24 घंटे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी महिला के घर में लूट की फिराक में घुसे थे,लेकिन महिला के जागने तथा पहचान ने पर आरोपियोंं ने चाकू से हमला कर महिला की बेरहमी से हत्या कर दी थी।झालावाड़ पुलिस अधीक्षक किरण कंग सिद्धू ने भवानीमंडी थाने में प्रेस वार्ता कर मामले की जानकारी देते हुए बताया, कि रविवार प्रातः 5:00 बजे मोहल्ले के ही एक व्यक्ति द्वारा मृतका के दामाद व बेटी को बुजुर्ग महिला के घर में कुछ चिल्लाने की आवाज की सूचना दी गई थी। बेटी व दामाद मौके पर पहुंचे तो वृद्धा आमना बी का शव घर मे खून से सनी हालत में पड़ा मिला था। जिसकी धारदार चाकू से किसी ने हत्या कर दी थी।

मोबाइल लोकेशन, डॉग स्क्वायड तथा स्पेशल टीम ने जुटाए साक्ष्य

घटना की सूचना मिलते ही झालावाड़ पुलिस अधीक्षक किरण सिद्धू भी मौके पर पहुंच गई थी तथा डॉग स्क्वायड तथा एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। इस दौरान घटनास्थल की मोबाइल ट्रेसिंग को भी चेक किया गया और धीरे-धीरे पुलिस के हाथ उस व्यक्ति तक पहुंच गए, जिसने बुजुर्ग महिला के परिजनों को घर में चिल्लाने की आवाज की सूचना दी थी।आरोपी नदीम अंसारी ने सुबह 5:00 बजे मृतका के दामाद अब्दुल रशीद को आमना बी के घर में कुछ चिल्लाने की आवाज होने की सूचना दी थी। मोबाइल लोकेशन तथा हाथ पर चाकू से चोट के निशान मिलने पर पुलिस ने नदीम अंसारी को राउंडअप किया और कड़ी पूछताछ में आरोपी नदीम अंसारी ने अपना गुनाह उगल दिया। आरोपी नदीम अंसारी ने बताया कि महिला अपने घर में अकेली रहती थी तथा संपन्न परिवार से थी। ऐसे में उसके घर में लूट के फिराक में छत के मार्ग से घर मे घुसे थे, लेकिन सुबह करीब 5:00 बजे महिला जाग गई और उन्हें पहचानते ही चिल्लाने लगी। जिस पर आरोपी नदीम अंसारी तथा उसके साथ मौजूद दूसरे अन्य आरोपी साजिद हुसैन ने धारदार चाकू से महिला की बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना को गुमराह करते हुए नदीम अंसारी ने खुद ही आमना बी के दामाद को घर पहुंच कर बुजुर्ग महिला के घर में शोरगुल होने की सूचना दी, ताकि पुलिस तथा अन्य परिजन उस पर संदेह न करें।

बरहाल भवानीमंडी थाना पुलिस ने महज 24 घंटे में वारदात का खुलासा करते हुए दोनों आरोपी नदीम अंसारी तथा साजिद हुसैन निवासी पचपहाड़ को गिरफ्तार कर लिया है।