जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट

राजस्थान के 6 जिलों के जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए होने वाले चुनाव का शोर थम गया है।अब उम्मीदवार डोर-टू-डोर प्रचार करेंगे। पहले चरण में 26 अगस्त को सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 तक मतदान होगा। जिसमें 3599 मतदान केंद्र पर 26 लाख 55 हजार 849 मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे।

निर्वाचन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के 6 जिलों में तीन चरण में चुनाव होने हैं।पहले चरण के लिए 26 अगस्त को सुबह 7:30 से 5:30 तक मतदान होगा। मंगलवार 5:30 बजने के साथ चुनाव का प्रचार थम गया है। उम्मीदवार अब सिर्फ डोर-टू-डोर ही प्रचार कर सकते हैं। इसके साथ ही प्रचार के लिए पहुंचे स्टार प्रचारक भी चुनावी क्षेत्रों में मौजूद नहीं रहेंगे। किसी भी तरह की कोई चुनावी सभा भी नहीं हो सकती। बतादे पहले चरण में 25 पंचायत समिति के 521 वार्डों के लिए 1721 उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण में 3599 मतदान केंद्र पर 26 लाख 55 हजार 849 मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे जिसमें 14 लाख 11 हजार 217 पुरुष मतदाता, 12 लाख 44 हजार 6243 महिला मतदाता और 9 अन्य मतदाता मताधिकार का उपयोग करेंगे। जिला परिषद सदस्य के लिए 1 और पंचायती समिति सदस्य के लिए 26 उम्मीदवार ​निर्विरोध चुन ​लिए गए हैं।

77 लाख से ज्यादा मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का चयन।

चुनाव प्रक्रिया में सम्मिलित 6 जिलों में तीन चारणों में कुल 77 लाख 94 हजार 3 सौ मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें से 41 लाख 23 हजार 30 पुरुष, 36 लाख 71 हजार 246 महिलाएं और 24 अन्य मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगेः कुछ सदस्यों के निर्विरोध चुनाव के बाद 199 जिला परिषद सदस्य, 1538 पंचायत समिति सदस्य, 6 जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख और 78 प्रधान, उप प्रधानों के लिए अब चुनाव होना है।

कोविड प्रोटोकॉल पालना के निर्देश।

चुनावी प्रचार थमने के बाद डोर-टू-डोर प्रचार का दौर शुरू हो गय है। ऐसे में किसी भी हाल में कोविड के दिशा-निर्देशों की अवहेलना न हो, इसके लिए प्रत्याशी को मास्क पहनना, दो गज की दूरी रखना जरूरी होगा। इसके साथ उम्मीदवार केवल 5 समर्थकों के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क कर सकेंगे। मतदान के समय में बढ़ोतरी करते हुए मतदान का समय प्रातः 7.30 बजे से सायं 5.30 बजे तय किया गया है।

6 जिलों में होंगे चुनाव।

भरतपुर, दौसा, जयपुर, जोधपुर, सवाईमाधोपुर और सिरोही जिलों में पहले चरण के लिए 26 अगस्त, दूसरे चरण के लिए 29 अगस्त और तीसरे चरण के लिए 1 सितंबर को सुबह 7.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक मतदान करवाया जाएगा। 4 सितंबर को जिला मुख्यालयों पर सुबह 9 बजे से मतगणना प्रारंभ हो जाएगी। प्रमुख, प्रधान का चुनाव 6 सितंबर को जबकि उप प्रमुख, उप प्रधान का चुनाव 7 सितंबर को होगा।