जयपुर ब्यूरो रिपोर्ट
राजस्थान प्रदेश के 6 जिलों में गुरुवार को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए पहले चरण के चुनाव में शाम 5:30 बजे तक 61.41 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। छुटपुट घटनाओं को छोड़ सभी जगह शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न हुआ।सबसे ज्यादा जोधपुर की केरु में 71.90 प्रतिशत तो सबसे कम सिरोही की रेवतर 49.54 प्रतिशत पंचायत समिति में मतदान हुआ।हालांकि अभी फाइनल आंकड़े आना बाकी है।राज्य निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कोरेाना संबंधी सभी दिशा-निर्देशों की पालना के साथ सुरक्षित मतदान के लिए मतदाताओं का आभार जताया है।प्रदेश के 6 जिलों की 25 पंचायत समितियों के 519 सदस्यों और उनसे संबंधित जिला परिषद सदस्यों के लिए मतदान करवाया गया।पहले चरण में 9 पंचायत समिति सदस्य पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए हैं। जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, सवाईमाधोपुर, दौसा, सिरोही में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपना विश्वास जताया।आयोग ने मतदाताओं से द्वितीय और तृतीय चरण में भी इसी तरह उत्साहपूर्वक मतदान की अपील की है। उपसचिव अशोक जैन ने कहा कि मतदाताओं के मतदान के प्रति उत्साह, सहयोग और संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और निर्वाचन कार्य से जुड़े समस्त कार्मिकों के समर्पण की भावना से प्रथम चरण के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो सके हैं।उन्होंने सकारात्मक सहयोग के लिए मीडिया के प्रति भी हार्दिक आभार व्यक्त किया।अशोक जैन ने बताया कि छह जिलों के लिए हुए चुनाव में मतदाताओं ने पूरे जोश और उत्साह के साथ मतदान किया। ग्रामीण अंचल में मतदान के लिए सुबह से कई बूथों पर लंबी कतारें थी। सुबह 10 बजे 12.80 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर 12 बजे मतदान का प्रतिशत 26.81 तक पहुंच गया।दोपहर 3 बजे तक प्रतिशत 47.12 तक जा पहुंचा और शाम बजे 5:30 बजे 61.41 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। अधिकतर जगहों पर ग्रामीण मतदाता रंग-बिरंगी पोशाकों में पूरे उत्साह के साथ मतदान करते नजर आए।


0 टिप्पणियाँ