बीकानेर ब्यूरो रिपोर्ट
करीब डेढ़ साल बाद आखिरकार प्रदेश में सरकारी और गैर सरकारी स्कूल 1 सितंबर से खुलने लग जाएंगे।राज्य सरकार से स्वीकृति के बाद शिक्षा विभाग ने बुधवार को SOP जारी कर दी है।जारी SOP में कोरोना के बचाव को लेकर पूरी एहतियात बरतने के निर्देश भी दिए गए हैं। साथ ही कोरोना को ध्यान में रखते हुए कोविड प्रोटोकॉल के लिए मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी, पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी और संस्था प्रधान के स्तर पर अलग-अलग बैठक का आयोजन भी किया जाएगा।जारी एसओपी के मुताबिक एकल पारी विद्यालय में कक्षा 9 व 11 के विद्यार्थियों के आने का समय सुबह 7:30 बजे रहेगा। साथ ही दोपहर 12:30 तक स्कूल चलेगी। वहीं कक्षा 10 व 12 के विद्यार्थियों के लिए सुबह 8:00 बजे से 1:00 बजे तक स्कूल खुलेगा। इसके साथ ही 2 पारियों में संचालित होने वाले विद्यार्थियों में कक्षा 9 व 11 के विद्यार्थियों को दोपहर 12:30 बजे से 5:30 तक और कक्षा 10 व 12 की विद्यार्थियों को 1:00 बजे से 6:00 बजे तक का समय स्कूल में देना होगा।
कोविड प्रोटोकॉल की करनी होगी पालना।
कोरोना प्रोटोकॉल को देखते हुए कक्षा 9 से 12 की कुल कक्षा कक्षों की संख्या व क्षमता के साथ ही विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में विद्यार्थियों के लिए शिक्षण कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।जारी SOP में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित निकटतम स्वास्थ्य केंद्र के स्वास्थ्यकर्मियों को स्कूल खुलने की सूचना देने के साथ ही विद्यार्थियों के लिए उपस्थिति को बाध्य नहीं किया गया है।साथ ही अभिभावकों की स्वीकृति प्राप्त करने के लिए निर्देश दिए गए हैं।जारी SOP के मुताबिक विद्यालय में संस्था प्रधान और शिक्षकों की भी कोविड प्रोटोकाल का पालन करवाने की भी जिम्मेदारी रहेगी। विद्यालय में शिक्षण कार्य के अलावा अन्य किसी भी तरह की कोई भी गतिविधि आयोजित नहीं की जाएगी।साथ ही प्रार्थना सभा, खेलकूद जैसी गतिविधियां भी पूरी तरह से बंद रहेंगी।SOP में शिक्षकों को इस बात के लिए भी पाबंद किया गया है कि विद्यार्थी अपनी किसी भी वस्तु को किसी भी दूसरे विद्यार्थी के साथ शेयर नहीं करें। जिसमें पुस्तक से लेकर पेन कॉपी, पेंसिल शामिल है। साथ ही दो विद्यार्थी न सिर्फ शारीरिक दूरी के साथ बैठेंगे, बल्कि लंच भी शेयर नहीं कर सकते।


0 टिप्पणियाँ