कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन के दौरे के बाद कांग्रेस में कौन रहेगा कौन जाएगा को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा तो मान चुके हैं कि अब वे शिक्षा मंत्री नहीं रहेंगे। इसके साथ ही प्रताप सिंह खाचरियावास, प्रमोद जैन भाया, उदयलाल आंजना, भजन लाल जाटव, अर्जुन सिंह बामणिया और परसादी लाल मीणा के मंत्री पद को लेकर भी अनुमान लगाए जा रहे हैं।


कहा ये जा रहा है कि या तो इन के विभाग बदले जा सकते हैं या फिर मंत्री पद के बजाय इन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती हैं। पार्टी के अंदरूनी सूत्रों के अनुसार पुराने मंत्रियों में से लगभग आधे मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है और जिन्हें हटाया नहीं जाएगा उनके विभाग बदले जा सकते हैं। राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी अजय माकन हाल ही में कह चुके हैं कि इस दिशा में मंथन पूरा हो चुका है। फैसला आलाकमान पर छोड़ा गया है और उस पर अब केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मुहर लगना बाकी है। 



संभावना जताई जा रही है कि नए चेहरों में हेमाराम चौधरी, बृजेंद्र ओला, मुरारी लाल मीणा, दीपेंद्र सिंह शेखावत, महेश जोशी, शकुंतला रावत, संयम लोढ़ा, महादेव सिंह खंडेला, रामकेश मीणा, राजेंद्र गुढ़ा, विश्वेंद्र सिंह, भरत सिंह कुंदनपुर,  महेंद्रजीत सिंह मालवीय, रामलाल जाट और मंजू मेघवाल के अलावा राजेंद्र विधुड़ी या जितेंद्र सिंह में से एक और इसके साथ ही जाहिदा या अमीन खान में से एक को मंत्री बनाया जा सकता है। आपको बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन फिर 28 और 29 को जयपुर दौरे पर आएंगे। दौरे का उद्देश्य यही होगा कि ऐसे जिले जहां के विधायक मंत्री नहीं बनेंगे वहां जिला और ब्लाक अध्यक्ष विधायकों की पसंद से बने जिससे कि संगठन में नाराजगी का माहौल पैदा ना हो।

ब्यूरो रिपोर्ट।