लॉक डाउन की लगभग सभी बंदिशें एक तरह से समाप्त हो चुकी है। दैनिक दिनचर्या अब पहले की तरह होने लगी है और इसी के साथ लापरवाहियों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ने लगा है। लोग कोरोना की आक्रामकता को नजरअंदाज कर बैठे हैं और भूल गए हैं कि कोरोना अभी गया नहीं है।

 देशभर में सोमवार को भी कोरोना के 31हजार से भी ज्यादा नए मरीज सामने आए। वही इस महामारी के चलते 24 घंटे के दौरान 415 लोगों की मौत हो गई। प्रदेश में हालांकि कोरोना का ग्राफ पहले की अपेक्षा बहुत कम हो चुका है। यहां 15 से लेकर 50 के बीच नए मामले सामने आ रहे हैं। किसी दिन ज्यादा संक्रमित पाए जाते हैं तो किसी दिन कम मामले सामने आते हैं। 

राहत की बात ये है कि कोरोना के चलते अब मौतों का ग्राफ थम गया है। प्रदेश में अब तक कोरोना के कुल 9,53,560 मामले आ चुके हैं। इनमें राजधानी के 1,87,512 मरीज शामिल है। वहीं अब तक इस बीमारी से 9,44,320 लोग मरीज ठीक हो चुके हैं और राजधानी जयपुर में भी 1,85,458 मरीज ठीक हो चुके हैं। प्रदेश की रिकवरी रेट 99% से भी ज्यादा है। कोरोना को लेकर प्रदेश में राहत की बात तो है लेकिन जिस तरह से अब सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों पर लोगों का हुजूम उमड़ने लगा है, उसे देखते हुए यह लग रहा है कि यदि कोरोना का आर फैक्टर सक्रिय हो गया तो एक बार फिर से यह महामारी अपना विकराल रूप ले सकती है।

ब्यूरो रिपोर्ट।