केन्द्र सरकार की नितियों की वजह से देश के हालात ऐसे हो गये है कि एक राज्य की पुलिस दूसरे राज्य की पुलिस से लड रही है। ऐसे हालात पैदा करने वाले देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। यह बात अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश ने उदयपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। मंगलवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता मोहन प्रकाश उदयपुर प्रवास पर थे। 

इस दौरान मोहन प्रकाश का कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया गया। इसके बाद मोहन प्रकाश ने सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेस की। प्रेस कांफ्रेस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मोहन प्रकाश ने केंद्र सरकार को आड़े हाथों लेते हुए जमकर निशाना साधा। 

मोहन प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक देश में जासूसी करवा रही है और अगर मोदी सरकार बडे पैमाने पर जासूसी करवा सकती है तो ईवीएम के साथ छेड़छाड़ क्यों नहीं करवा सकती। जासूसी करवाना देश की सुरक्षा पर एक बड़ा सवाल है। मोहन प्रकाश ने यह भी कहा कि एनएसओं से जो यूनिट आती है वह 60 करोड की होती है और एक यूनिट से केवल 10 लोगों की जासूसी हो सकती है। ऐसे में मोदी सरकार एक व्यक्ति पर 6 करोड रूपये खर्च कर रही है। सरकार को इतनी बडी रकम खर्च करने की क्या जरूरत है। मोहन प्रकाश ने अमेरिका का उदाहरण पेश करते हुए कहा कि वहा के राष्ट्रपति ने केवल विपक्ष के सांसदों की बैठक को ट्रेप करवाया था और उसके बाद राष्ट्रपति को इस्तीफा देना पडा। ऐसे में मोदी और अमित शाह को नैतिकता के नाते इस्तीफा दे देना चाहिए।

उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट।