अल्पसंख्यक मामलात, वक़्फ़ एवं जन अभाव अभियोग निराकरण मंत्री शाले मोहम्मद शनिवार को पोकरण विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहे। इस दौरान मंत्री ने ग्राम पंचायत बांधेवा में पौधरोपण कार्यक्रम की शुरुआत एवं इंटरलॉकिंग सड़क सहित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री शाले मोहम्मद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए बजट की किसी प्रकार की कमी नहीं आने देंगे। चुनाव के दौरान जो वादे किए एवं पिछले कार्यकाल के दौरान जो कार्य पूरे नहीं हो सके वो कार्य पूरे कर आमजन को राहत देने के लिए शिद्दत से प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पोकरण क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का विशेष लगाव है।


 क्षेत्र के विकास के लिए अधिकारी प्रस्ताव बनाकर भिजवाएं, बजट के लिए पूरे प्रयास कर स्वीकृत कराएंगे। मंत्री ने कहा कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया है, जो जनकल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रही है उनका अधिकाधिक लाभ लें। मंत्री ने जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाओं को सुना एवं संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। मंत्री की जनसुनवाई में बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी परिवेदनाएं प्राप्त हुई। इस दौरान मंत्री के साथ पूर्व जिला प्रमुख अब्दुल्ला फ़क़ीर, भणियाणा प्रधान दोली रणवीर सिंह गोदारा, रहिमो बरकत खान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



बजट के अभाव में कोई विकास कार्य नहीं अटकेगा,


मंत्री ने कहा कि बजट के अभाव में किसी प्रकार के विकास कार्यों को अटकाया नहीं जा सकेगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास कराकर आमजन को सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में है। विभागीय अधिकारियों को विकास कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर भिजवाने के निर्देश दिए। 




सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने नहीं पड़े इसलिए मंत्री कर रहे हैं ग्राम पंचायत पर जनसुनवाई,


क्षेत्र की जनता को अनावश्यक सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। इसलिए मंत्री लगातार विधानसभा क्षेत्र पोकरण की ग्राम पंचायतों में अधिकारियों के साथ पहुंचकर जनसुनवाई कर आमजन की परिवेदनाओं को सुनने के साथ हाथोंहाथ निस्तारण कराकर राहत देने का प्रयास कर रहे हैं।

जैसलमेर से मनीष की रिपोर्ट,