पाली जिले की रायपुर थाना पुलिस के गश्ती दल पर हमला कर पुलिस जीप को टक्कर मारने के पश्चात जीप में आग लगाकर फरार हुए 7 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। एस पी कालूराम रावत ने प्रेस वार्ता में बताया कि 10 जुलाई की रात्रि रायपुर थाना पुलिस का गश्ती दल मेगा हाइवे पर ट्रकों में चढ़कर चोरी करने वाली गैंग का रायपुर- जैतारण मार्ग पर पीछा कर रहा था।
इस दौरान पुलिस को आते देख गिरोह के सदस्य बाइक जंगलों में छोड़कर भाग गए। इस पर पुलिस ने बाइक जब्त की और सड़क पर आ गई। इस दौरान ये बदमाश केम्पर में सवार होकर आए और पुलिस दल पर केम्पर चढाने का प्रयास किया। पुलिस दल अपने बचाव में खेतों में उतर गया, जिसपर इन अपराधियों ने पुलिस जीप को टक्कर मारकर खाई में गिरा दिया और जीप में आग लगा दी और फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक जोधपुर नवज्योति गोगाई ने भी घटनास्थल का दौरा किया था।
इन अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ए एस पी डॉक्टर तेजपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने मामले की जांच कर इस प्रकरण में पटेल बावरी निवासी निम्बोल का लिप्त होना पाए जाने पर इस गिरोह की सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए ब्यावर, जवाजा, नसीराबाद, अजमेर, पीसांगन, रियांबड़ी, पुष्कर, मेड़ता रोड, आनन्दपुर कालू, रास, जैतारण, बिलाड़ा एवं सोजत में दबिश दी, पर ये हाथ नहीं आए। इसके पश्चात 26 जुलाई की रात्रि पटेल बावरी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया
एवं इससे पूछताछ कर शेष अन्य 6 आरोपियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस इन अपराधियों से वारदात में प्रयुक्त वाहन, घटना के दौरान लूटी गई बाइक बरामद करने के प्रयास में जुटी है।.
पाली से मनोज शर्मा की रिपोर्ट,


0 टिप्पणियाँ