ब्यूरो रिपोर्ट।

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भूस्खलन के बाद पहाड़ी से चट्टानें गिरने से हुए हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जिनमें 4 लोग प्रदेश के भी शामिल हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार भूस्खलन के दौरान बटसेरी के गुंसा गांव के पास पुल पर चट्टानें गिरने से पुल टूट गया और पर्यटक गाड़ी नदी में जा गिरी। ये सभी पर्यटक ट्रैवलर गाड़ी नंबर एचआर 55 एजी 9003 में सफर कर रहे थे। हादसे में राजस्थान के चार छत्तीसगढ़ के दो महाराष्ट्र और दिल्ली के 1-1 पर्यटकों की मौत हो गई जबकि एक अन्य पर्यटक का खबर लिखे जाने तक पता नहीं लगा। हादसे की सूचना ग्रामीणों ने ही पुलिस और प्रशासन को दी थी। 

सबसे पहले ग्रामीण ही मौके पर पहुंच गए थे और उन्होंने अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया था। बचाव कार्य के दौरान भी पत्थर गिरते रहने से राहत कार्य में कई बार बाधा पहुंची। इस हादसे की खबर मिलते ही हिमाचल प्रदेश प्रशासन मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री केयर फंड से ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की सहायता देने की घोषणा की गई है। इस हादसे में राजस्थान के सीकर जिले के निवासी अनुराग बियानी, मायादेवी बियानी, रिचा बियानी और राजधानी जयपुर के मानसरोवर स्थित हीरा पथ निवासी दीपा शर्मा की भी मौत हो गई है। हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवार में हाहाकार मच गया।