कोरोना की दूसरी लहर से निजात पाने की दिशा में जूझ रहे प्रदेश में सबसे बड़ी राहत की बात ये है कि बूंदी जिला लगातार आठवें दिन ऐसा जिला रहा है, जहां कोरोना नो एंट्री साबित हुआ है। 25 जून को बूंदी में एक भी एक्टिव केस नहीं बचा था। उसके बाद से 2 जुलाई तक लगातार यही स्थिति बनी हुई है। शुक्रवार को सामने आई कोरोना रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में इस दिन कुल 76 पॉजिटिव केस मिले हैं जो पिछले दिन की संख्या से एक ज्यादा है।
गुरुवार को प्रदेश में 75 पॉजिटिव केस मिले थे। शुक्रवार को सर्वाधिक जयपुर में 27 और अलवर में 14 नए संक्रमित केस मिले हैं। इनके अलावा प्रदेश के 31 जिले ऐसे रहे जहां 0 से 5 की संख्या तक पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। अब प्रदेश में कुल 1312 एक्टिव केस रह गए हैं। इनमें सर्वाधिक अलवर में 377, जयपुर में 236 और जोधपुर में 108 एक्टिव केस मौजूद हैं। शुक्रवार को सामने आई रिपोर्ट में सबसे ज्यादा
चिंताजनक बात ये है कि पिछले 1 सप्ताह के बाद प्रदेश में कोरोना मरीजों की मौत का ग्राफ फिर से बढ़ने लगा है। शुक्रवार को प्रदेश में कोरोना से कुल 7 मरीजों की मौत दर्ज की गई जो पिछले 1 सप्ताह के दौरान में सर्वाधिक है। बीकानेर, दौसा और हनुमानगढ़ में 2-- 2 मरीजों की मौत हुई, वही अलवर में एक मरीज की मौत दर्ज की गई।
आपको बता दें कि प्रदेश में फिलहाल कोरोना की दूसरी लहर पूरी तरह से समाप्त नहीं हुई है। सरकार ने लॉकडाउन में भले ही राहत दे दी हो। लेकिन राजकाज न्यूज़ कि आमजन से यही अपील है कि वे इस माहौल में पिछले डेढ़ साल के दौरान बरती गई सतर्कता और सावधानी को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करें। क्योंकि डेल्टा प्लस के रूप में तीसरी लहर प्रदेश में भी दस्तक दे चुकी है।
ब्यूरो रिपोर्ट।




0 टिप्पणियाँ