कोटा से हँसपाल यादव की रिपोर्ट।

शहर के महावीर नगर थाने में एक नौकर ने पैसों को लेकर हुई कहासुनी के बाद अपने मालिक पर एसिड फेंक दिया। जिससे मालिक घायल हो गया. बाद में पुलिस आने के बाद तीन मंजिला छत से कूद गया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि इस मामले में मालिक ने किसी तरह की कोई रिपोर्ट पुलिस को दी है। वही छत से कूदने वाला नौकर भी बयान देने की स्थिति में नहीं है। जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा निवासी हीरालाल महावीर नगर थर्ड कोटा में आनंद ड्राई क्लीनर पर काम करता है. ड्राई क्लीनर्स के मालिक आनंद कुमार के घर पर ही रहता भी है. उसका आनंद कुमार से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसमें उसने एसिड की बोतल आनंद कुमार के ऊपर फेंक दी। जिससे 15 से 20 फीसदी आनंद कुमार झुलस गया। जिसको शीला चौधरी रोड स्थित निजी अस्पताल में परिजनों ने भर्ती करा दिया। इस घटना के बाद हीरालाल छत पर चढ़ गया और छत पर से कूदने की धमकी देने लगा।

 आनंद के परिजनों ने इस मामले की सूचना महावीर नगर थाना पुलिस को दी। जहां से डीओ ड्यूटी कर रहे सहायक उप निरीक्षक किशोरीलाल मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने हीरालाल को समझाने की कोशिश की, वह देखते ही देखते छत से कूद गया और  घायल हो गया। बताया जा रहा है कि आनंद कुमार और हीरालाल आपस में रिश्तेदार भी हैं। इसके साथ ही हीरालाल आनंद कुमार के यहां पर रहकर ही काम काज करता था। हीरालाल ने जब कुछ पैसे आनंद कुमार से मांगे, तो दोनों के बीच विवाद हो गया और इस कहासुनी के बाद ही यह पूरा घटनाक्रम हुआ है। प्रत्यक्षदर्शी महिला कैलाश बाई का कहना है कि वह सामने ही रहते हैं और हीरालाल आनंद कुमार के घर पर ही काम करता था। बुधवार सुबह छत पर चढ़ा हुआ था और काफी हंगामा कर रहा था। उससे कह रहा था कि मैं छत से कूद जाऊंगा, मर जाऊंगा और अचानक जैसे ही पुलिस आई वह छत से कूद गया।