कोटा से हँसपाल यादव की रिपोर्ट। 

शहर के सेवन वंडर के पास शनिवार को महिला ने नहर में कूद कर आत्महत्या का प्रयास किया। लेकिन समय रहते जाबांज पुलिसकर्मी ने नहर में छलांग लगाकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला। पूछताछ में पता चला कि महिला ज्योति उधोगनगर इलाके के श्रीराम नगर की रहने वाली है। उसके 3 साल की बेटी है। ज्योति बल्लभबाड़ी में झाडू पोचे का काम करती है। महिला,अकेली ही बल्लभबाड़ी में किसी डॉक्टर को दिखाने आई थी। बताया जा रहा कि महिला को डॉक्टर को दिखाने में ज्यादा समय लगा,जब महिला घर लौटी तो पति ने देरी का कारण पूछा। दोनों में बहस व कहासुनी हुई। जिसके बाद गुस्से में आकर महिला घर से निकली और सेवन वंडर के पास नहर में कूद गई थी।

एएसआई नारायण लाल ने बचाई जान

कोतवाली थाने में तैनात एएसआई नारायण लाल ने बताया कि उनकी नाकाबंदी में ज्वाला तोप के यहां ड्यूटी लगी है। दोपहर डेढ़ बजे ड्यूटी का समय खत्म हुआ। तो बाइक लेकर अपने घर पुलिस लाइन जा रहे थे। सेवन वंडर रोड से जाते समय एक महिला को नहर की दीवार से पानी में कूदते देखा। वो भी महिला के पीछे पीछे वर्दी में ही नहर में कूद गए। नहर में कूदने के बाद महिला डुबने लगी थी। पानी मे बुलबुले निकलने लगे। केवल कपड़े ही नजर आ रहे थे। उन्होंने बिना समय गंवाए वर्दी में ही 20 फीट ऊपर से छलांग लगाई। करीब 12 मीटर दूरी से महिला को खींचकर पिलर तक लाए। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ हो गई। कुछ युवक नहर के पिलर पर आए और महिला को खींचकर पानी से बाहर निकाला। महिला को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद रामपुरा कोतवाली लेकर पहुंचे। महिला के परिवार वालों को सूचना दी। लेकिन परिवार वाले नही आए। पूछताछ में महिला ने सारी घटना बताई। जिसके बाद उधोग नगर थाना पुलिस महिला को अपने साथ ले गई।