ब्यूरो रिपोर्ट, प्रदेश में मौसम की स्थितियां अनुकूल नहीं होने से दक्षिणी पश्चिमी मानसून कमजोर हो गया। सोमवार को मानसून की उत्तरी सीमा प्रदेश के बाड़मेर भीलवाड़ा और धौलपुर से ही गुजरी। इसके चलते माउंट आबू झालावाड़ और बीकानेर सहित कुछ जिलों में बारिश हुई। 

सर्वाधिक पौने 4 इंच बारिश माउंट आबू में रिकॉर्ड की गई। बारिश होने के साथ ही माउंट आबू के नदी नालों में भी तेज बहाव के साथ पानी आने लगा है सोमवार सुबह 8:00 बजे से शाम तक 276. 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते माउंट आबू की नक्की झील लोअर कोदरा और अपर कोदरा बांधों समेत कई जलाशयों और एनीकट और में पानी की आवक शुरू हो गई। 

इससे तापमान में भी गिरावट हुई। माउंट आबू का अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 10. 5 डिग्री दर्ज किया गया। झालावाड़ के मंगलपुरा में एक मकान पर बिजली गिरने से आसपास के घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए। वहीं बूंदी के केशवरायपाटन कापरेन और बीकानेर में हल्की बूंदाबांदी हुई।



मौसम विभाग के अनुसार आगामी 2 दिन में पूर्वी राजस्थान में जयपुर, अजमेर, टोंक, सीकर, झुंझुनू,  अलवर, दौसा, उदयपुर, राजसमंद, सिरोही, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ जिलों में और पश्चिमी राजस्थान में बीकानेर, चूरू, श्री गंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर और नागौर जिले में कहीं-कहीं पर मेघ गर्जन और आंधी के साथ बरसात की संभावना है। वहीं 23 जून को भी पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश होने का अनुमान है।