आप साइकिल लेकर संसद जाते हो। साइकिल एमपी के नाम से आपकी पहचान बनी हुई है। यह अच्छी बात है। लेकिन अब आपको साइकिल लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन सिंह के घर जाना चाहिए और जब तक वह टीके प्रदेश के लिए मंजूर नहीं करें तब तक आपको वहां धरना देना चाहिए।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने यह बात केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल से कहीं। मुख्यमंत्री बीकानेर में चिकित्सा एवं खेल के क्षेत्र में विभिन्न कार्यों के वर्चुअल वर्चुअल शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि आप केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को जाकर यह बताएं कि राजस्थान की स्थिति अन्य राज्यों से भिन्न है। इसके बाद ही उनका ध्यान हमारी तरफ जाएगा। गहलोत बोले कि प्रदेश ने रोजाना 15 लाख टीके लगाने की क्षमता हासिल कर ली है।
लेकिन जब वैक्सीन ही उपलब्ध नहीं हो तो वैक्सीनेशन की गति टूट जाती है, और वैक्सीनेशन सेंटर बंद करने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने पीएम से भी इस बारे में शिकायत की है। हम एक्स्ट्रा फेवर नहीं बल्कि न्याय चाहते हैं। यदि समय पर टीके नहीं मिलेंगे तो दूसरी डोज में देरी होगी और उसके बाद पहली डोज के कोई मायने नहीं रहेंगे। अगर वैक्सीनेशन की गति ऐसी ही रही तो जुलाई में पीछे 75 लाख लोगों की दूसरी डोज लंबित हो जाएगी।.
ब्यूरो रिपोर्ट।



0 टिप्पणियाँ