ब्यूरो रिपोर्ट,  बजरी से भरी एक गाड़ी पास करने के लिए। ₹3000 फिक्स। दलाल के पास रुपए जमा कराओ और बजरी से भरी गाड़ी बेखौफ होकर ले जाओ। पिछले दिनों पुलिस गिरफ्त में आए बजरी माफिया महेंद्र मीणा ने पूछताछ के दौरान चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। 


महेंद्र मीणा का कहना था कि बजरी के खेल में कई थानों की पुलिस मिली हुई है। यहां तक कि सीओ लेबल के अधिकारी के पास भी इसकी रकम पहुंचती थी। महेंद्र मीणा के अनुसार यह रकम दलाल राजेंद्र चौधरी के माध्यम से अधिकारियों तक जाती थी। 

कई बार तो नगद के बजाय ई पेमेंट भी होते थे। दलाल राजेंद्र चौधरी ने बजरी से भरी एक गाड़ी को पास करने के लिए ₹3000 की रकम फिक्स की थी। रोजाना कितने वाहन निकलते हैं, इसकी बाकायदा एंट्री की जाती थी। कई बार साप्ताहिक तो कई बार मासिक भुगतान इसी के माध्यम से होता था। महेंद्र मीणा ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि इस खेल में फागी, दूदू, भांकरोटा, चाकसू और बांदरसिंदरी पुलिस थाने भी शामिल है।

 आपको बता दें कि महेंद्र मीणा के पुलिस गिरफ्त में आते ही दलाल राजेंद्र चौधरी फरार चल रहा है।  उसके गिरफ्तार होने के बाद इस मामले में कई बड़े खुलासे भी हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश में कई जगह दबिश दे रही है।