कोटा
शहर की फल-सब्जी मंडी में एक व्यापारी के दुकान पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। दुकान मालिक का कहना है कि उन्हें जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई लेकिन वो छुप गए। जिससे जान बच गई। व्यापारी कैलाश मीणा के बेटे महेश मीणा दत्तू का कहना है कि उनकी कुछ लोगों से पहले से किसी बात को लेकर रंजिश चल रही है। इसको लेकर ही शायद फायरिंग की गई है, लेकिन अगर यह गोलियां हमें लग जाती तो जान चली जाती। बदमाशों ने करीब 7 राउंड फायर किए हैं। महेश मीणा दत्तू का यह भी कहना है कि उन्हें जान से मारने के लिए ही यह फायरिंग की गई थी, लेकिन वे छुप गए क्योंकि दुकान में मुनीम और कई लोग भी मौजूद थे। ऐसे में हम सभी ने छुपकर ही जान बचाई है, नहीं तो हमें गोली लग सकती थी।
पुलिस ने शहर में करवाई नाकाबंदी
वारदात की जानकारी मिलने के बाद गुमानपुरा थाना अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस उप अधीक्षक अंकित जैन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण जैन भी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही कमांडो और फोर्स भी मौके पर पहुंची। जिन्होंने आसपास के सीसीटीवी चेक किया है। पुलिस ने कुछ संदिग्ध बदमाशों को भी मौके से हिरासत मे लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा शहर भर में नाकेबंदी करवाई गई है। पुलिस ने इस घटना में पीड़ित व्यापारी कैलाश मीणा से भी रिपोर्ट दर्ज करवाने के लिए कहा है। उसकी रिपोर्ट भी पुलिस जल्द दर्ज करेगी।
वारदात CCTV में कैद
वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें नजर आ रहा है कि एक बाइक पर पहले तीन बदमाश आते हैं। उनमें से एक नीचे उतर कर दुकान पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना शुरू कर देता है। जिसके बाद दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक आते हैं। हालांकि, वे युवक फायरिंग नहीं करते हैं। यह छह के छह युवक वापस रवाना हो जाते हैं।
हँसपाल यादव, कोटा


0 टिप्पणियाँ