झाली जी की बराना तथा आसपास के लगभग दो दर्जन गांवों की शनिवार को जैसे मुंह मांगी मुराद पूरी हुई। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने अपनी एक दिवसीय केशवरायपाटन विधानसभा क्षेत्र की यात्रा के दौरान मेज नदी पर उच्च स्तरीय पुल का लोकार्पण किया तो लोगों ने कहा कि पुल चालू होते ही हमारी परेशानियों का अंत हो गया है।

झाली जी का बाराना के निकट मेज नदी पर पहले छोटी पुलिया बनी हुई थी। इसी पुलिया की ऊंचाई इतनी कम थी कि मानसून आने पर पहली ही बरसात में पानी का स्तर पुलिया से ऊंचा हो जाता था। इस कारण मानसून के दौरान करीब तीन माह तक दो दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का आवागमन बंद हो जाता था।

ऐसे में उन्हें अन्य रास्ता लेना पड़ता था जो बहुत लम्बा पड़ता था। पानी के पुलिया पर बहने के बावजूद वहां से निकलने के प्रयास में कुछ लोग बह भी चुके थे।

ऐसे में इन परिस्थितियों को देखते हुए लोग लंबे समय से यहां उच्च स्तरीय पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे। वर्ष 2014 में सांसद निर्वाचित होने के बाद बिरला ने आमजन की दिक्कतों को समझते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उच्च स्तरीय पुल के निर्माण की स्वीकृति के प्रयास प्रारंभ किए। उनके प्रयासों से वर्ष 2017-18 में कार्य की स्वीकृति मिल गई।

पुल का निर्माण कार्य 13 अक्टूबर 2018 को प्रारंभ हुआ और इसे 28 करोड़ 77 लाख रूपए की लागत से इसी वर्ष 31 मार्च को पूरा कर लिया गया। पुल को तत्काल आमजन को समर्पित किया जाना था, लेकिन कोरोना की दूसरी लहर के कारण कार्यक्रम को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा। अब हालात सुधरने पर लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अब लोकार्पण में अधिक समय नहीं लगाया जाए जिससे नागरिकों की मांग पूरी हो सके।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला शनिवार को जब पुल का लोकार्पण करने पहुंचे तो वहां जमा ग्रामीणों में अलग ही उत्साह और उमंग नजर आया। अपनी बरसों पुरानी मांग पूरी होते देख वे बहुत खुश थे। पुल की स्वीकृति से निर्माण तक का पूरा श्रेय लोकसभा अध्यक्ष बिरला को देते हुए ग्रामीणों ने कहा कि पुल के चालू होने से उनकी बहुत सारी कठिनाइयों का अंत हो गया है।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने भी कहा कि पुल प्रारंभ होने से आमजन का आवागमन सुलभ होगा। इसके अलावा कापरेन कस्बा भी सीधे बूंदी-लाखेरी मार्ग से जुड़ने से लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। क्षेत्र में वाणिज्यिक गतिविधियों में भी बढ़ोतरी होगी जिसका सम्पूर्ण लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलेगा।

कोटा से हंसपाल यादव की रिपोर्ट।