कोरोना महामारी के लिहाज से प्रदेश में सोमवार का दिन पिछले 3 महीनों की तुलना में काफी सुखद रहा। सोमवार को सामने आई कोरोना रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश के बूंदी जिले में अब एक भी एक्टिव केस नहीं है। यानी 33 जिलों में से पहली बार दूसरी लहर के दौरान बूंदी जिला कोरोना फ्री हुआ है।

 अब इस दौड़ में  बांरा, बांसवाड़ा, डूंगरपुर और जालौर जिले भी सबसे आगे हैं। सोमवार को सामने आई रिपोर्ट के अनुसार जालौर में 5, बांरा में 3 और डूंगरपुर के साथ बांसवाड़ा में भी सिर्फ 2--2 एक्टिव केस बचे हैं। अगर पिछले दिनों की तरह सब कुछ सामान्य रहा तो यह जिले भी कोरोना फ्री हो जाएंगे।


प्रदेश में पिछले कई दिनों से 125 और 170 के बीच चल रहा पॉजिटिव केस का आंकड़ा भी सोमवार को ध्वस्त हो गया। दूसरी लहर के पीक के बाद सोमवार का दिन ऐसा रहा, जब प्रदेश में 100 से नीचे पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कुल 72 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। 

प्रदेश के 32 जिलों में यह आंकड़ा 10 से नीचे रहा यानी एक भी जिले में दहाई की संख्या तक पॉजिटिव केस दर्ज नहीं हुए। दूसरी ओर राजधानी जयपुर में सर्वाधिक 19 पॉजिटिव केस के साथ 5 दिन के बाद एक मौत भी दर्ज की गई। प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान पूर्व नगर ते 2 मरीजों की मौत हुई इनमें एक राजधानी जयपुर और दूसरे मरीज की मौत डूंगरपुर जिले में हुई।



सोमवार के दिन सबसे सुखद आंकड़े देखने के पीछे राजकाज न्यूज़ को एक आश्चर्य भरी खबर भी नजर आ रही है कि जहां पिछले कई दिनों से प्रदेश का अलवर जिला अब तक सर्वाधिक पॉजिटिव मामले में अव्वल रही राजधानी जयपुर को पीछे छोड़ कर अव्वल चल रहा था। यहां तक कि रविवार को भी वहां प्रदेश में सर्वाधिक 63 पॉजिटिव केस दर्ज किए गए थे। तो अचानक ऐसा क्या हुआ जो 24 घंटे के दौरान ही पॉजिटिव केस का यह आंकड़ा सिमट कर महज 2 पॉजिटिव केस पर आ गया। जबकि अलवर जिले में अभी भी प्रदेश के सर्वाधिक 405 एक्टिव केस बने हुए हैं।

अब प्रदेश में कुल एक्टिव केस पिछले 24 घंटों के दौरान 1733 से घटकर 1593 रह गए हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान एक्टिव केस में 140 केस की कमी हुई है। अब अलवर में सर्वाधिक 405, जयपुर में 277 और जोधपुर में 134 एक्टिव केस रह गए हैं।

ब्यूरो रिपोर्ट।