खातोली थाना पुलिस ने डकैती के मामले में 30 साल से फरार स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।  एसपी शरद चौधरी ने बताया कि थाना प्रभारी योगेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में कांस्टेबल रमेश सिंह, विनोद की टीम ने तकनीकी अनुसंधान के जरिए पता लगाकर फरार स्थाई वारंटी काशीराम पुत्र रामचंद्र बैरवा निवासी नरसिंहपुरा  उर्फ कौशलपुरा थाना आवदा जिला श्योपुर एमपी को गिरफ्तार कोटा से गिरफ्तार किया।


जमानत के बाद से ही फरार था काशीराम

 उन्होंने बताया कि फरियादी गोपीलाल पुत्र रामकल्याण जाति ब्राह्मण निवासी डुंगरली सरपंच ग्राम पंचायत फुसोद ने 12 नवंबर 1986 को थाने में उपस्थित होकर इस आशय की रिपोर्ट पेश की कि 7-8 व्यक्ति लाठी, गंडासे व बंदूकों से लैस होकर ग्राम सीमोला में घुसकर मकानों में डकैती डालकर जेवरात,सोना, चांदी इत्यादि लूट कर ले गए।

पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया और आरोपी नाथूलाल, बंशी,काशीराम, रामस्वरूप,बाबूलाल,बद्री,राम चरण,शिवकुमार,पूरण को धारा 395 के आईपीसी के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के विरुद्ध अनुसंधान के पश्चात न्यायालय में आरोप पत्र पेश कर दिया गया था। उसके पश्चात आरोपी काशीराम जमानत होने के बाद से ही फरार हो गया था। उसके विरुद्ध न्यायालय ने स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

दिल्ली और कोटा में काटी फरारी

थाना प्रभारी योगेश कुमार शर्मा ने बताया कि वारंटी कांशीराम ने पूछताछ में साफ किया कि जमानत के बाद फरार होकर वह दिल्ली चला गया और 15-20 साल तक मजदूरी करता रहा। उसके बाद कोटा आ गया और चाय का ठेला/दुकान लगाकर जीवन यापन कर रहा था।

कोटा से हंसपाल यादव की रिपोर्ट।