प्रदेश में मॉडिफाइड अनलॉक- 3 गाइडलाइन के अनुसार 28 जून से धार्मिक स्थल भी अनलॉक होने जा रहे हैं। इसी कड़ी में राजधानी जयपुर में रविवार को जिला कलेक्टर अंतर सिंह नेहरा ने प्रमुख अधिकारियों के साथ राजधानी के मोती डूंगरी गणेश मंदिर, खोले के हनुमान जी मंदिर और जयपुर के आराध्य देव कहे जाने वाले गोविंद देव जी मंदिर में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिला कलेक्टर ने मंदिर में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और उन्हें आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। कलेक्टर की अगुवाई में टीम शाम को गोविंद देव मंदिर पहुंची। वहां उन्होंने महंत अंजन कुमार गोस्वामी और मंदिर कमेटी के प्रमुख मानस गोस्वामी को व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में जानकारी लेने के बाद आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर गोविंद देव जी मंदिर की ओर से टीम को यह जानकारी दी गई
कि प्रशासन की अनुमति के बावजूद गोविंद देव जी मंदिर में फिलहाल मंगला दर्शन के समय प्रवेश बंद रहेगा। सुबह 7:45 से लेकर 12:00 बजे तक दर्शनार्थियों के लिए कोविड-19 गाइडलाइन के अनुसार मंदिर में प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद मंदिर प्रांगण में दर्शनार्थियों के लिए प्रवेश निषेध रहेगा। आपको बता दें कि नई गाइडलाइन के अनुसार सरकार ने धार्मिक स्थलों को खोलने की इजाजत दी है और इनका समय सुबह 5:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक निर्धारित किया है।
ब्यूरो रिपोर्ट।



0 टिप्पणियाँ