धौलपुर जिले के कोतवाली थाना इलाके में आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैफिक पुलिस कर्मी द्वारा कंटेनर गाड़ी चालक से पांच सौ रूपये की अवैध वसूली का मामला सामने आया है। ट्रैफिक पुलिसकर्मी और कंटेनर चालक का लेनदेन का वीडियो वायरल हुआ है। ट्रैफिक पुलिस कर्मी द्वारा टीआई के नाम पर अवैध वसूली की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रैफिक इंचार्ज ने पुलिसकर्मी के खिलाफ कोतवाली पुलिस थाना के समक्ष मामला दर्ज कराया है। ट्रैफिक पुलिस कर्मी को लाइन हाजिर कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।
बता दे शनिवार को ग्वालियर की तरफ से कंटेनर गाड़ी धौलपुर की तरफ आ रही थी। एनएच तीन पर ओवरब्रिज के पास बाइक सवार ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने गाड़ी को रुकवा लिया। कंटेनर चालक को नीचे उतरवाकर पांच सौ रूपये की डिमांड कर डाली।
जब कंटेनर चालक ने रुपयों की रसीद मांगी तो पुलिसकर्मी ने ट्रैफिक इंचार्ज के नाम से हवाला देकर मना कर दिया। कंटेनर चालक ने पांच सौ रूपये ट्रैफिक पुलिसकर्मी को थमा दिए। इस दौरान पूरे घटनाक्रम का वीडियो अज्ञात राहगीर ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिसकर्मी और कंटेनर चालक के लेनदेन का वीडियो वायरल होने से ट्रैफिक पुलिस में हड़कंप मच गया।
ट्रैफिक इंचार्ज यशपाल सिंह ने पुलिसकर्मी को दोषी मानते हुए कोतवाली थाना पुलिस के समक्ष मामला दर्ज करा दिया। ट्रैफिक इंचार्ज के घटना से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। ट्रैफिक इंचार्ज की अभिशंषा पर एसपी केसर सिंह शेखावत ने पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कोतवाली थाना प्रभारी राजेश पाठक को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया अभियोग दर्ज कर जांच की जा रही है। अनुसंधान में मामला सही पाए जाने पर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
धौलपुर से मुनेश धाकरे की रिपोर्ट
सूचना - अगर किसी पाठक/दर्शक/श्रोता को इस खबर पर कोई भी आपत्ति है तो वे इस मोबाइल नंबर 9829076749 पर अपनी शिकायत कर सकते हैं।



0 टिप्पणियाँ