ब्यूरो रिपोर्ट!

मॉडिफाइड लॉकडाउन के आखिरी दिनों में कोरोना राजस्थान से जाता हुआ नजर आ रहा है। इसकी दूसरी लहर में सबसे ज्यादा प्रभावित हुए जिले अब धीरे-धीरे संक्रमण की चैन टूटने की ओर नजर आ रहे हैं। रविवार को सामने आई रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में सिर्फ राजधानी जयपुर ही एक ऐसा जिला है जहां 100 से ज्यादा 169 संक्रमित केस दर्ज किए गए। शनिवार को जहां राजधानी में यह आंकड़ा 170 रहा वहीं रविवार को एक कम होकर 169 की संख्या पर पॉजिटिव केस दर्ज किए गए। प्रदेश में शनिवार को मिले 942 पॉजिटिव केस के मुकाबले रविवार को 904 केस दर्ज किए गए। यानी कि कुल संक्रमित केस में 38 की कमी दर्ज हुई। वही मौतों के लिहाज से रविवार का दिन काफी राहत भरा रहा। इस दिन कोरोना से जान गवाने वाले मरीजों की संख्या प्रदेश में कुल 25 दर्ज की गई। जो कि पिछले कई दिनों की तुलना में एक राहत भरा आंकड़ा है। इसमें भी एक फेरबदल हुआ। अब तक मौतों के मामले में सर्वाधिक रही राजधानी जयपुर में सिर्फ 3 मौत दर्ज की गई। वहीं मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह जिले में सर्वाधिक पांच कोरोना मरीजों ने पिछले 24 घंटे के दौरान दम तोड़ दिया। रविवार को आई रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 28 जिले ऐसे रहे जहां 50 से कम संक्रमित केस दर्ज किए गए। वही 13 जिले ऐसे रहे जहां संक्रमित केस की संख्या 10 से भी कम रही। प्रदेश के हाडौती संभाग मे बांरा जिला ऐसा रहा, जहां पिछले 24 घंटे के दौरान ना तो कोई संक्रमित मिला और ना ही किसी मरीज की कोरोना से मौत हुई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में अब कुल एक्टिव केस 18575 बचे हैं। जिनमें सर्वाधिक एक्टिव केस राजधानी जयपुर में 3857 है।