उदयपुर,  एसीबी की स्पेशल यूनिट ने बांसवाडा में बडी कार्यवाही को अंजाम देते हुए एक बैंक मैनेजर को 15 हजार रूपये की रिश्वत के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही के बाद एसीबी की स्पेशल यूनिट के एडिशनल एसपी उमेश ओझा ने बताया कि परिवादी प्रभु डिंडोर ने कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई कि उसके भाई सोहन डिंडोर की मृत्यु के बाद बीमा राशि दिलाने के एवज में बांसवाडा जिले के नवागांव के यूनियन बैंक आॅफ इंडिया के मैनेजर जितेन्द्र सांखला ने 25 हजार रूपये की रिश्वत मांगी है 


जिसमें से 9 हजार रूपये दिये जा चुके है लेकिन बाकी बची रकम वह नही देना चाहता। सोहन डिंडोर प्रधानमंत्री बीमा योजना में दो लाख रूपये का बीमा यूनियन बैंक आॅफ इंडिया में करवा रखा था और उसकी मृत्यु के बाद इस बीमे की राशि मृतक के खाते में जानी थी। 9 हजार रूपये की रिश्वत मिलने के बाद बीमा राशि मृतक सोहन डिंडोर की पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर दिये लेकिन बाद में भी वह दबाव बनाता रहा साथ ही बाद में उसकी पत्नी के खाते में लेनदेन पर रोक लगा दी।

 इसके बाद एसीबी की टीम ने शिकायत का सत्यापन करवाया तो शिकायत सही पाई गई। सोमवार को एसीबी की टीम ने जब इस कार्यवाही को अंजाम दिया उससे पहले प्रभु डिंडोर ने रिश्वत की राशि बैंक के सफाईकर्मी को दी थी और उसके मार्फत बैंक मैनेजर तक पंहुचनी थी। जैसे ही राशि बैंक मैनेजर तक पंहुची तो एसीबी की टीम ने बैंक मैनेजर जितेन्द्र सांखला सहित सफाईकर्मी को गिरफ्तार कर लिया। अब एसीबी की टीम बैंक मैनेजर के घर के साथ बैंक लाॅकर्स की तलाशी भी लेगी।

उदयपुर से भगवान प्रजापत की रिपोर्ट।