कोटा से हंसपाल यादव की रिपोर्ट।
दिल्ली मुंबई रेल लाइन पर बुधवार को दरा के नजदीक एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। जिसके चलते यातायात बाधित हो गया है। केवल डाउन लाइन ही संचालित की जा रही है। जबकि अप लाइन पर यातायात पूरी तरह से बाधित है। सूचना मिलने पर कोटा से दुर्घटना राहत ट्रेन मौके के लिए रवाना की गई है। जिसके पहुंचने के बाद ही इस ट्रैक को सुचारू किया जा सकेगा। दुर्घटना से आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां प्रभावित हुई है। इस मामले में रेल प्रशासन ने जांच के आदेश भी जारी कर दिए है। जानकारी के अनुसार कोटा मंडल के दरा स्टेशन पर बुधवार को एक मालगाड़ी बेपटरी हो गई। सूचना पर कोटा से दुर्घटना राहत ट्रेन रवाना की गई है। रेलवे के अधिकारियों के अनुसार दरा स्टेशन पर मंगलवार को एक मालगाड़ी से गिट्टी खाली हुई थी। इसके बाद मालगाड़ी को यार्ड में खड़ा कर दिया गया था। घटना उस समय हुई जब मालगाड़ी को निकाला जा रहा था, तभी अचानक पॉइंट पर मालगाड़ी का एक डिब्बा पटरी से उतर गया। इसके चलते यार्ड और अपलाइन दिल्ली से मुंबई जाने वाली ट्रैक पर यातायात ठप हो गया। हांलाकि मुंबई से दिल्ली जाने वाली डाउन लाइन पर रेल यातायात अभी चालू है।
दुर्घटना राहत ट्रेन पहुंचने के बाद कुछ समय के लिए दोनों ट्रैक भी बाधित हो सकते है। साथ ही दुर्घटना राहत ट्रेन मौके पर पहुंचकर दुर्घटना बेपटरी हुए डिब्बे को उठाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रेलवे प्रशासन दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटा हुआ है। इसके अलावा रेलवे ने लंबी दूरी की यात्री गाड़ियों को डाउन लाइन से निकालना शुरू कर दिया है। इसके चलते यात्रियों को खासी परेशानी का सामना भी करना पड़ा है।



0 टिप्पणियाँ