नागौर। जिले का निंबीजोधा कस्बा एक मिसाल बनकर सामने आया है । पिछले दिनों गांव में ऑक्सीजन की कमी से हुई एक मौत के बाद एक मुहिम चलाई गई। निम्बी जोधा के मूल निवासी और जोधपुर में कार्यरत ASP रामेश्वरलाल को कस्बे में  ऑक्सीजन की कमी के चलते एक शख्स की मौत की खबर मिली तो इसकी पड़ताल कराई तो सामने आया कि CHC पर दस सिलेंडरों की व्यवस्था है, पर अधिकतर सिलेंडर खाली हीं हैं । इससे परेशान हो उन्होंने CHC प्रभारी व गांव की सामाजिक संस्थाओं से बात की। ASP की प्रेरणा से  क्षेत्र की दो सामजिक संस्थाओं ने सोशल मीडिया पर मुहिम चला महज 3 दिनों में ही 6 लाख 50 हजार रूपये की राशि जुटा ली है, जिसमे अभी भी इजाफा होना जारी है। अब अगले एक दो दिन में इस रकम से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर व सिलेंडर खरीदकर CHC में सौंपे जाएंगे। संत क्लब के तत्वावधान में चलाई गई इस सोशल मीडिया मुहिम से महज तीन दिन में हीं साढे चार लाख रुपये की जनसहयोग राशि जुटा ली गई है।



इसके अलावा कस्बे के गणपति सेवा संस्थान के माध्यम से भी जनसहयोग से करीब दो लाख रुपये की राशि जुटाई गई है। संत क्लब के नवरतन खींचड़ व गणपति सेवा संस्थान के मंगल सिंह जोधा ने बताया कि अब जल्द ही दिल्ली से ऑक्सीजन कंसंट्रेटर व ऑक्सीजन सिलेंडर मंगवाकर CHC में सौंपे जाएंगे।

 नागौर से शबीक अहमद उस्मानी की खबर।